गढ़वा : गायत्री परिवार द्वारा हर-हर गंगे, घर-घर गंगे कार्यक्रम के तहत हरिद्वार के कुंभ के जल को घर-घर पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है. साथ ही सभी घरों में मां गायत्री के चित्र के साथ देवस्थापना भी किया जा रहा है।
इसकी जानकारी देते हुये गायत्री परिवार के ट्रस्टी दिलीप कुमार तिवारी ने बताया कि इस साल हरिद्वार में कुंभ लगा हुआ है. लेकिन कोरोना को लेकर लोग कुंभ स्नान के लिये हरिद्वार पहुंचने से वंचित हो जा रहे हैं. इस परिस्थिति को देखते हुये गायत्री परिवार ने पूरे देश में अपने संगठन के माध्यम से हरिद्वार में आयोजित कुंभ के गंगाजल को घर-घर पहुंचाने का दायित्व लिया है. इसी के तहत वसंत पंचमी के समय से ही आपके द्वार-पहुंचा हरिद्वार के नारे के साथ गायत्री परिवार के परिजनों की टोली जिले के सभी प्रखंडों में घुम-घुमकर घरों तक गंगाजल पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इसके लिये गढ़वा जिले में जिला मुख्यालय में कल्याणपुर व तपोभूमि निमिया स्थान, मझिआंव, बरडीहा एवं नगरउंटारी में पांच केंद्र बनाये गये हैं. जिले में अभीतक करीब 800 घरों में गंगाजल को पहुंचाया जा चुका है. यह अभियान 27 अप्रैल तक चलाया जायेगा. इस बीच अधिक से अधिक घरों तक कुंभ के जल को पहुंचाने का लक्ष्य लिया गया है।
इसे सफल बनाने में संतन मिश्रा, सरयू चंद्रवंशी, अखिलेश कुशवाहा, मिथिलेश कुशवाहा, वृंदा ठाकुर, अनिल विश्वकर्मा, प्रभुदयाल प्रजापति, रामाशीष शर्मा, शोभा पाठक, सुनीता देवी आदि सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।