बंशीधर नगर : बंशीधर नगर राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर बने गड्ढों के कारण आये दिन सड़क दुर्घटनाएं होते रहती हैं। सड़क पर जगह जगह बड़े बड़े बने गड्ढे दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहे हैं। इसी सड़क से सांसद, विधायक व अधिकारी भी गुजरते हैं, लेकिन उन्हें सड़क पर बने इन गड्ढों से कोई लेना देना नही है। इन गड्ढों को भरवाने या सड़क मरम्मति की दिशा में इनके द्वारा कोई पहल नही किया जा रहा है। रविवार को सड़क पर गड्ढे होने के कारण ही कार व ट्रक में टक्कर हुई, जिसके कारण जतपुरा ग्राम निवासी पराग शुक्ल की मौत हो गयी। उक्त युवक की मौत के बाद नगर उंटारी के कुछ युवकों ने श्रमदान कर जंगीपुर ग्राम में एन एच 75 पर बने विभिन्न गड्ढों को भरा ताकि दुर्घटनाएं नही हों।
युवकों ने कहा कि सड़क पर गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं हो रही है, लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। दुर्घटनाओं को देखते हुए हम सभी सड़क पर बने गड्ढे को भरने का काम कर रहे हैं साथ ही एन एक 75 के निकट जिन लोगों का घर है यदि उनके घर के निकट सड़क पर गड्ढे है तो जितना संभव हो सके उन गड्ढों को भरेंगे ताकि दुर्घटनाएं नही हों। युवकों द्वारा इस तरह सड़क पर बने गड्ढे को भरने का कार्य स्वंय किया जा रहा है। किंतु सरकार या प्रशासन की ओर से इस पर कोई पहल नहीं की जा रही है।