डंडई : थाना क्षेत्र के डंडई गांव के कुम्हार टोला निवासी वीरेंद्र चंद्रवंशी के पुत्र संजय चंद्रवंशी के मौत की घटना में नया मोड़ आ गया है। कल तक संजय की हत्या का आरोप अपने बड़े बेटे सुमंत चंद्रवंशी एवं उसका साला संतोष चंद्रवंशी पर लगाने वाले वीरेंद्र ने पुलिस के समक्ष अपना बयान वापस ले लिया है। उसने कहा कि संजय की हत्या नहीं हुई है उसने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद पुलिस हिरासत में लिए गए सुमंत एवं संतोष को रविवार को थाना से छोड़ दिया। उक्त दोनों को थाने से छोड़े जाने के बाद ग्रामीण हैरान हैं। ग्रामीण इस पूरे प्रकरण में वीरेंद्र चंद्रवंशी के साथ-साथ डंडई पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं। इस मामले में थाना प्रभारी गोपाल शर्मा ने कहा कि दोनों आरोपितों को पीआर बांड के आधार पर छोड़ गया है।
जबकि उनकी गाड़ी अभी भी थाने में जब्त है। वहीं इस संबंध में एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने कहा कि किस परिस्थिति में घटना के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उसके तुरंत बाद उन्हें छोड़ भी दिया गया है। यह जांच का विषय है। उन्होंने मामले की स्वयं जांच कर आगे की कार्रवाई करने की बात कही।