बंशीधर नगर : बंशीधर नगर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष लता देवी ने रविवार को पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर से गढ़वा स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर नगर पंचायत में लगे सोलर हाई मास्ट में वित्तीय अनियमितता तथा सफाई, प्रधानमंत्री आवास एवं नागरिक सुविधा मद में हुए अनियमितता के जांच की मांग किया है। उन्होंने कहा है कि हाई मास्ट का लाईट नगर पंचायत में जगह जगह लगाया जा रहा है। इस योजना को नियम के विरुद्ध स्वीकृत कर मनमाने तरीके से ठेकेदार से सांठगांठ कर बाजार मूल्य से अधिक कीमत पर खरीद कर तथा घटिया गुणवत्ता का लाइट लगाए जा रहे हैं जिसमें करोड़ों रुपए बंदरबांट का मामला प्रतीत हो रहा है। वहीं नगर पंचायत में विगत 2 वर्षों से वार्ड पार्षद के प्रतिनिधि को सफाई का कार्य दे कर बड़े पैमाने पर सफाई के नाम पर पैसे की लूट मची हुई है, जिसका विरोध बोर्ड की बैठक में सभी प्रतिनिधियों के द्वारा करने के बावजूद यथावत स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना स्वीकृत वर्ष 2017-18 से आज तक जो भी आवास का कार्य चल रहा है उसमें सरकारी राशि का भुगतान नहीं होने के कारण लाभुक का आवास पूर्ण नहीं हो पा रहा है। उक्त योजना में भी पैसे का लेन देन हो रहा है। नागरिक सुविधा मद की राशि का खर्च किसी प्रतिनिधि के जानकारी के बिना धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है। जानकारी मांगने पर गोल मटोल जवाब दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन सभी मामले को गंभीरता से लेते जल्द से जल्द उचित करवाई करने की कृपा करें।
मौके पर संजीत कुमार, वार्ड पार्षद रंजन कुमार उर्फ छोटू, अनिल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।