गढ़वा : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की स्वायत्तशासी संस्था नेहरू युवा केंद्र जिला गढ़वा के जिला युवा समन्वयक मोहसिन हाशमी ने बताया कि नेहरू युवा केंद्र गढ़वा के द्वारा इस महामारी के समय में विभिन्न प्रखंडों के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों के द्वारा समाज के लिए जागरूकता अभियान, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से सर्वेक्षण सहित अनेको कार्यक्रम चलाए गए।
इस कड़ी में प्रखंड रंका के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सह प्रखंड स्तरीय कोरोना सेंटर प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने भी अपने प्रखंड मे अहम भूमिका निभाई, जिसका परिणाम है कि अमरेंद्र कुमार को प्रखंड विकास पदाधिकारी रंका के हाथों कोरोना वायरस महामारी रोकथाम के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का प्रशस्ति सह सम्मान पत्र मिला।
ज्ञात हो कि नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक अमरेंद्र कुमार के द्वारा लॉकडाउन लागू होने के पूर्व से ही कोरोनावायरस महामारी के क्षेत्र में बचाव हेतु दीवार लेखन, पर्चा वितरण, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के साथ प्रचार प्रसार, जागरूकता अभियान, प्रखंड एवं पंचायतों के पदाधिकारियों तथा प्रतिनिधियों के साथ सहयोग करते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सैनिटाइजर, मास्क और साबुन का वितरण,बेसहारा, गरीब परिवारों को निःशुल्क खाद्य सामग्री का वितरण, झारखंड सरकार के द्वारा चलाए जा रहे दीदी भोजनालय केंद्रों पर राहगीरों एवं बेसहारा परिवार के लोगों को भोजन कराने में शारीरिक श्रमदान, स्थानीय प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए प्रवासी मजदूरों को उनके गंतव्य स्थानों तक भेजने में सहयोग करना, जैसे नेहरू युवा केंद्र गढ़वा के द्वारा चलाए गए विभिन्न अभियान जैसे कि भूखे जरूरतमंदों को भोजन कराना, बेजुबान पशु और पक्षियों के लिए दाना पानी की व्यवस्था करना इत्यादि में भी उन्होंने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और अपने क्षेत्र में गरीब, अनाथ और बेसहारा, लोगों का सर्वे कर उन्हें निशुल्क रूप में जन वितरण प्रणाली से राशन दिलवाना तथा घरों तक पहुंचाना, कोरोना वायरस से बचाव हेतु लोगों को घरों में रहने, वृद्धों और बच्चों पर खास ध्यान देने, अत्यंत जरूरी हो तभी बाहर निकलें वो भी मास्क को लगाकर, सोशल डिस्टेंस का पालन करने, एक मीटर की दूरी बनाए रखने, अपने हाथों को नियमित रूप से साफ रखने, भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने, अपने घरों एवं आसपास के परिसरों को साफ रखने, एवं हाथ नहीं मिलाने सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं को नेहरू युवा केंद्र के बैनर तले क्षेत्रों में जाकर बताने का कार्य किया गया।
दिव्यांग जनों पर खास फोकस करते हुए उन्हें समय पर भोजन एवं खाद्य सामग्री दिलाने का कार्य किया गया। लॉकडाउन में होम डिलीवरी के माध्यम से भारत गैस को स्वयं सेवक अमरेंद्र कुमार के द्वारा घरों तक वितरण कराने का कार्य, दुकानों एवं सरकारी संस्थानों पर भीड़ ना हो इसके लिए स्वयंसेवक अमरेंद्र कुमार के द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग हेतु वहां पर चूने से गोलाकार आकृति बनाई गई।
स्वयंसेवक अमरेंद्र कुमार के इन्हीं सब कार्यों को देखते हुए रंका अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा इनको प्रखंड स्तरीय कोरोना सेंटर प्रभारी बनाया गया जिसमें बाहर से आ रहे मजदूरों को एंट्री करना, साबुन, मास्क , सैनिटाइजर, को उपलब्ध कराने के साथ साथ उन सभी के लिए समय पर भोजन, रहने, सोने, बिजली, पानी, मेडिकल चेकअप, प्रतिदिन सभी का गिनती करना, रिपोर्ट तैयार करने सहित अन्य कार्यों को सफलतापूर्वक संचालन किया गया।
इनको पूर्व में भी अनेक मंचों पर तथा अन्य संस्थानों के द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इनके जैसे युवाओं पर नेहरू युवा केंद्र गढ़वा को गर्व है जो हर समय सामाजिक कार्यों में निस्वार्थ भाव से लगे रहते हैं।