बंशीधर नगर : प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत अनुमण्डल कार्यालय के सभागार में शनिवार को एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक इन्दल दास के उपस्थिति में व्यवसायियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से ऋण योजना से होनेवाले लाभ की जानकारी दिया गया। इस अवसर पर एसडीओ जयवर्द्धन कुमार ने बताया कि जिले के बेरोजगार युवक पहले आओ पहले पाओ के तर्ज पर अपना रोजगार एवम रोजगार सृजन करने के लिए बैंक से सस्ते ब्याज दर पर ऋण प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हुनरमंद तथा अधिक योग्यता वाले आवेदक को इस योजना में प्राथमिकता दिया जायेगा।वैसे आवेदक योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के लाभुको के लिए पारिवारिक आय की कोई बाध्यता नही है। लेकिन लाभुको की आयु 18 वर्ष से अधिकतम होना चाहिए।योजना का लाभ लेने वाले सामान्य जाति के ग्रामीण लाभुको को सरकार द्वारा 25 प्रतिशत तथा शहरी क्षेत्र के लाभुको को 15 प्रतिशत का अनुदान दिया जायेगा। अनुसूचित जाति, जनजाति व पिछड़े वर्ग के ग्रामीण क्षेत्र के लाभुको को 35 प्रतिशत तथा शहरी क्षेत्र के लाभुको को 25 प्रतिशत अनुदान देने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि आवेदक अपना आवेदन ऑनलाइन करने के दौरान एजेंसी के लिए डीआईसी/केभीआईबी का चयन कर सकते है। सेमिनार मे अनुमंडल के सभी बैंक मे उद्योग बिभाग द्वारा स्वीकृत किये गए आवेदनो की समीक्षा किया गया जिसमे अब तक भारतीय स्टेट बैंक शाखा, नगर उंटारी में 10 आवेदन पत्र के आलोक में अब तक मात्र दो आवेदकों को कुल ₹9 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया।
भारतीय स्टेट बैंक धुरकी शाखा के द्वारा अनुशंसित 11 आवेदन में से कोई भी आवेदन स्वीकृत नहीं किया गया। भवनाथपुर भारतीय स्टेट बैंक के द्वारा 11 अनुशंसित आवेदन पत्रों में से मात्र दो आवेदकों का 14 लाख का ऋण स्वीकृत किया गया।ग्रामीण बैंक के द्वारा बंशीधर नगर अनुमंडल अंतर्गत प्राप्त 13 आवेदन पत्र में से एक आवेदन पत्र को स्वीकृत कर भुगतान किया गया।पंजाब नेशनल बैंक शाखा ताली के द्वारा प्राप्त 18 आवेदन पत्र में दो का आवेदन स्वीकृत किया गया।सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की पुरैनी एवं पाल्हे कला के द्वारा प्राप्त कुल 27 आवेदन पत्रों में से किसी भी आवेदन-पत्र को स्वीकृत नहीं किया गया।
सेमिनार में सेंट्रल बैंक सगमा के शाखा प्रबंधक मुकेश खेरा,पुरैनी शाखा के प्रबन्धक एन ए हेम्ब्रम,ग्रामीण बैंक बुका के शाखा प्रबन्धक रंजीत कुमार,बैंक ऑफ इंडिया नगर उंटारी के शाखा प्रबंधक रजनीश कुमार सहित बड़ी संख्या में व्यवसायी उपस्थित थे।