गढ़वा : बिहार के तर्ज पर ड्यूटी देने समेत तमाम तरह की सुविधा देने की मांग को ले होमगार्ड संघ के द्वारा झारखंड विधानसभा के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना दिया जा रहा है। धरना के समर्थन में विभिन्न दलों से जुड़े करीब एक दर्जन विधायकों ने धरना स्थल पर पहुंचकर होमगार्ड के जवानों का समर्थन किया है। साथ ही सरकार से बिहार के तर्ज पर झारखंड के भी होमगार्ड के जवानों को तमाम सुविधा देने का सरकार से मांग किया है।
मांग पत्र के अनुसार बिहार राज्य में होमगार्ड जवानों को बिहार सरकार के द्वारा कई तरह का लाभ दिया जा रहा है, जिससे बिहार राज्य के होमगार्ड जवानों की सूची झारखंड राज्य होमगार्ड जवानों से कई गुना बेहतर है। बिहार सरकार, गृह विभाग (विशेष शाखा) का ज्ञापांक एल/एच जी - 2802/ 2015-9989 /पटना, दिनांक 06/11/2018 के तहत बिहार राज्य के होमगार्ड जवानों को कर्तव्य भत्ता/प्रशिक्षण भत्ता बिहार सरकार में कार्यरत पुलिस के 1 दिन के न्यूनतम वेतन के अनुरूप प्रत्येक दिवस प्रति गृह रक्षक 774 रुपए का भुगतान किया जा रहा है, जबकि झारखंड राज्य होमगार्ड जवानों को प्रति दिवस मात्र ₹500 का ही भुगतान किया जाता है।
अतः श्रीमान से अनुरोध है कि बिहार राज्य के तर्ज पर झारखंड के होमगार्ड जवानों को भी झारखंड सरकार में कार्यरत पुलिस के 1 दिन के न्यूनतम वेतन के अनुरूप प्रत्येक दिवस प्रति गृह रक्षक भुगतान किया जाए।
बिहार सरकार के द्वारा बिहार राज्य के सभी सरकारी विभागों में सुरक्षा कार्य हेतु केवल होमगार्ड जवानों को ही प्रतिनियुक्त किया जाता है, परंतु झारखंड राज्य के कई सरकारी विभागों में निजी सुरक्षाकर्मी से कार्य लिया जा रहा है, जिससे होमगार्ड जवानों को नियमित ड्यूटी नहीं मिल पाती है। अतः होमगार्ड जवानों को नियमित ड्यूटी देने हेतु ठोस कदम उठाया जाए।
बिहार सरकार के द्वारा बिहार राज्य होमगार्ड जवानों को कर्मचारी भविष्य निधि का लाभ दिया जा रहा है, परंतु झारखंड राज्य के होमगार्ड जवानों को लाभ नहीं दिया जा रहा है।
सेवानिवृत्त होने पर एक राशि का भुगतान बिहार सरकार के द्वारा होमगार्ड जवानों की 60 वर्ष की आयु सीमा समाप्त होने पर एक मुस्त डेढ़ लाख रुपए का भुगतान किया जाता है। झारखंड राज्य में होमगार्ड जवानों को यह सुविधा नहीं दी जा रही है। अतः श्रीमान आप से झारखंड राज्य होमगार्ड जवान प्रार्थना करते हैं कि झारखंड के होमगार्ड जवानों को भी बिहार राज्य के तर्ज पर सामान्य कार्य समान वेतन का लाभ, नियमित डयूटी, कर्मचारी भविष्य निधि एवं सेवानिवृत्ति के बाद एकमुश्त राशि का भुगतान का लाभ देने की दिशा में आवश्यक पहल करने की कृपा की जाए।
उक्त धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में गढ़वा जिले के लगभग 60 महिला/पुरूष होमगार्ड, जिनमें बिंदेश्वरी मेहता जिला कोषाध्यक्ष, अजय तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष, सन्नी मिश्रा सचिव, कांति देवी महिला अध्यक्ष, दिलावर खान, संतोष शुक्ला- गढवा जिला अध्यक्ष, उपाध्यक्ष संतोष तिवारी सहित अन्य होमगार्ड जवान शामिल हैं।