गढ़वा
सुश्रुत सेवा संस्थान द्वारा रविवार को श्रीजानकी बाग, नवादा, गढ़वा में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. टी पीयूष, डॉ. पी. विश्वास, डॉ . अवध ठाकुर, वरिष्ठ अधिवक्ता अमोद कुमार सिन्हा, सुदामा बिंद एवं नीरज श्रीधर स्वर्गीय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। शिविर में लगभग 100 लोगों की जांच एवं उपचार किया गया।

शिविर में पुराने दर्द, मधुमेह, वायरल फीवर एवं अन्य सामान्य बीमारियों का उपचार डॉ. टी. पीयूष, प्रसिद्ध फिजिशियन एवं डायबिटीज विशेषज्ञ तथा डॉ. अवध ठाकुर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर डॉ. टी. पीयूष ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को यह जानकारी देना भी था कि उनके अपने क्षेत्र नवादा में सुश्रुत सेवा संस्थान पिछले दो वर्षों से निर्धन, वंचित एवं उपेक्षित लोगों को प्रतिदिन सुबह एवं शाम 7 से 8 बजे तक निःशुल्क चिकित्सा सेवा उपलब्ध करा रहा है।

उन्होंने कहा कि कई बार आर्थिक संसाधनों की कमी, इच्छाशक्ति के अभाव अथवा शारीरिक परेशानी के कारण लोग अस्पताल नहीं पहुंच पाते। ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से बीमारियों की समय रहते पहचान संभव होती है। उन्होंने जिले के सभी प्रतिष्ठित चिकित्सकों से संस्थान में निःशुल्क सेवा देने की अपील करते हुए कहा कि यदि नियमित सेवा संभव नहीं हो तो कम से कम सप्ताह में एक दिन एक घंटे का समय जरूर दें। इससे गरीब मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा का लाभ मिलेगा और चिकित्सकों को समाज की सेवा एवं लोगों का आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए उन्होंने कहा— "शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्", अर्थात स्वस्थ शरीर ही सभी धर्मों एवं कर्तव्यों के पालन का प्रथम साधन है। उन्होंने मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप के मरीजों से नियमित जांच कराने तथा सभी लोगों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
इस अवसर पर संस्थान के प्रबंधक अमरेश कुमार, सिस्टर अमृता, समरेश कुमार, मंजय कुमार एवं संस्थान के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। जांच घर की ओर से चितरंजन कुमार ने भी सहयोग प्रदान किया।
सुश्रुत सेवा संस्थान का संकल्प है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं।