बड़गड : झारखंड राज्य के पूर्व श्रम एवं ग्रामीण विकास मंत्री केएन त्रिपाठी को कोलियरी मजदूर संघ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। शनिवार दोपहर वीआईपी गेस्ट हाऊस डकरा, चंदवा, लातेहार में एक बैठक आयोजित कर राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के कार्यकारिणी पदाधिकारियों व सदस्यों के द्वारा सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चयनित किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने मजदूरों के हक़ के लिए हर वक्त प्रयासरत रहने की बात कही। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा श्रम कानूनों में बदलाव कर कमजोर करने की पुरजोर आलोचना की। उन्होंने कहा की देश की आजादी के बाद से ही तब की सरकार व नेताओं ने मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए सशक्त कानून बनाये गये हैं बावजुद इसके भाजपा सरकार द्वारा इन कानूनों को कमजोर कर कंपनियों को मजदूरों के लिए उत्तरदायी होने की शर्त को ही ख़त्म कर देना चाहती है।
श्री त्रिपाठी ने देश की नवरत्न कंपनियों को केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा प्राइवेट हाथों में बेचने के प्रयासों की भी कड़ी आलोचना की और कहा कि पिछले 50-60 वर्षों में पूर्ववर्ती सरकारों ने इन कंपनियों को बड़े ही मेहनत वह अथक प्रयासों से सजाया था व इन्हें मुनाफे की कंपनियां बनाया था। लेकिन केंद्र की वर्तमान सरकार इन्हें प्राइवेट हाथों में सौंप देने पर आमादा दिखती है जिसका हम पुरजोर विरोध करेंगे।