बंशीधर नगर : बंशीधर नगर प्रखंड संसाधन केंद्र अधौरा में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी कमल किशोर राणा ने सभी बीआरपी एवं सीआरपी के साथ बैठक की। इसमें विभागीय कार्यो की समीक्षा की गयी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी सीआरपी को निर्देश दिया गया कि जिस निजी विद्यालय ने अभी तक डायस प्रपत्र नहीं दिए हैं उसे 24 घंटे के अंदर प्राप्त कर बीआरसी कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए। डीजी साथ ई कार्यक्रम के तहत राज्य स्तर से प्राप्त शिक्षण सामग्री बच्चे तक पहुंच रहा है या नहीं इसकी समीक्षा की गई तथा निर्देश दिया गया कि ज्यादा से ज्यादा विद्यालय में अभिभावक को जोड़ने का काम करें। कमल किशोर राणा ने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीबंशीधर नगर में 80 फीसद विद्यालय ही वॉट्सएप ग्रुप बनाएं है।
साथ ही जिन 20 प्रतिशत विद्यालय द्वारा विद्यालय स्तर पर ग्रुप नहीं बनाया गया है उसकी सूची दो दिनों के अंदर देने का निर्देश दिया गया। ताकि इन स्कूलों के शिक्षकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा सके। एमडीएम की समीक्षा के उपरांत उन्होंने बीआरपी-सीआरपी को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों का स्थल पर जाकर भौतिक सत्यापन करें कि सरकार द्वारा बच्चों के लिए दिये गये पैसा व चावल उन्हें मिला अथवा नहीं। बैठक मे बीआरपी श्रीकांत चौबे, प्रकाश कुमार सिंह, सीआरपी संजय कुमार सिंह, शक्तिदास सिन्हा, शोभा पांडेय, अजय कुमार, प्रशांत कुमार देव आदि उपस्थित थे।