रमना : : रमना प्रखंड के कर्णपुरा गांव निवासी बलराम साहू के 26 वर्षीय पुत्र कन्हाई प्रसाद गुप्ता की मौत सांप के काटने से हो गई। जानकारी के अनुसार कन्हाई गुप्ता बीते शनिवार की सुबह में अपने घर के ही पास में बांस काट रहा था। उसी समय उसे सांप ने डंस लिया। जिसके बाद आनन - फानन में परिजनों के द्वारा गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां स्थिति खराब होने के बाद पलामू के तुमागाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चार दिन इलाज कराने के उपरांत कन्हाई को रिम्स रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। कन्हाई का शव शनिवार को घर पहुंचने के बाद परिजनों के चितकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। कन्हाई अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चे छोड़ गया।
मौके पर पहुंचे भाजपा मंडल रमना के सुमन गुप्ता, राजेश कुमार सिंह एवं पंकज सिंह ने परिजन को ढांढस बंधाया। साथ ही पंकज सिंह ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल पदाधिकारी यशवंत नायक से मोबाइल पर बात कर पारिवारिक लाभ, विधवा पेंशन तथा सरकारी आपदा कोष से सांप काटने के उपरांत मिलने वाले चार लाख की राशि दिलाने के लिए आग्रह किया। जिस पर बीडीओ द्वारा आश्वासन दिया गया कि कागजी प्रक्रिया के उपरांत आपदा के तहत राशि दिलाई जाएगी।