खरौंधी : जिला सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा योग्य लाभुकों को पेंशन देने के उद्देश्य से सभी प्रखंडों में शिविर का आयोजन की जा रही है। इसके लिए उपायुक्त ने नोडल पदाधिकारी एवं वरीय पदाधिकारियों के नाम की घोषणा की है। उपायुक्त गढ़वा के निर्देश पर खरौंधी प्रखंड के सभी पंचायतों में शिविर आयोजित करने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीत कुमार सिंह ने भी तिथि निर्धारित की है।
उन्होंने बताया कि पेंशन शिविर की शुरूआत 8 मार्च को प्रखंड कार्यालय खरौंधी में चन्दनी, मझिगावां, खरौंधी, सिसरी, अरँगी एवं कूपा पंचायत के योग्य लाभुकों के लिए आयोजित की जा रही है। साथ ही 9 मार्च को सुंडी पंचायत भवन में सुंडी, राजी, एवं करिवाडीह पंचायत के योग्य लाभुकों के लिए शिविर आयोजित की जा रही है।
शिविर में योग्य लाभुक अपना आधार कार्ड ,बैंक पासबुक, पहचान पत्र, बीपीएल संख्या, एवं पेंशन फार्म के साथ शिविर में आएं। सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर ऑन स्पॉट पेंशन की स्वीकृति दी जाएगी। इसके लिए प्रखंड एवं पंचायत के कर्मियों को शिविर के लिए प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों से शिविर के बारे में छूटे हुए योग्य लाभुकों को जानकारी देने की अपील की है।