मेराल : कबड्डी संघ गढ़वा के तत्वधान में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता उच्च विद्यालय मेराल के मैदान में मंगलवार को एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित की गई। कार्यक्रम का मुख्य अतिथि जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार, ओलंपिक संघ महासचिव आलोक मिश्रा, कबड्डी संघ के अध्यक्ष विकास स्वदेशी, कमल क्लब के जिला उपाध्यक्ष विकास कुमार, प्राचार्य ललिता पटेल मुख्य रूप से उपस्थित थे। कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथियों के द्वारा संयुक्त रुप से नारियल फोड़कर किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों से 16 टीम भाग लिया।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार ने कहा कि इस जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में चयन प्रतिभागियों को 12 एवं 13 मार्च को जामताड़ा में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलेगा।
आज चयनित प्रतिभागी गढ़वा जिला का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय मैच मेराल जैसे सुदूरवर्ती क्षेत्र में कराना काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में खेल का अपार संभावनाएं हैं। यहां बस गाइडलाइन एवं संसाधन की कमी है, जो बहुत जल्द दूर कर एक अच्छा खेल का माहौल दिया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि ओलंपिक संघ के महासचिव आलोक मिश्रा ने बताया कि किसी भी बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं होती है, उसे अच्छे प्लेटफार्म की आवश्यकता होती है। कबड्डी संघ के अध्यक्ष विकास स्वदेशी ने कहा कि इस प्रतियोगिता से चयनित हुए खिलाड़ी को राज्य स्तर पर अपना खेल को प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा।
इस कार्यक्रम को भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय भगत, विकास कुमार, कबड्डी संघ के सचिव अजय कुमार, खेल शिक्षक सुशील तिवारी ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन संघ के सचिव अजय कुमार ने किया। जबकि निर्णायक की भूमिका रामाशंकर सिंह, शिवकुमार, रामप्रवेश तिवारी, संदीप कुमार, सुशील कुमार तिवारी ने निभाई।
इस अवसर पर शिक्षक मनोज चौधरी आलोक कुमार, खेल प्रशिक्षु कुश कुमार, शंभू ठाकुर सहित कई लोग उपस्थित थे।