भवनाथपुर : थाना क्षेत्र के कैलान गांव के बंग्लाडीह टोला पर बीती रात्रि एक 30 वर्षीय युवक कपिलदेव यादव का हत्या कर फांसी पर लटकाए जाने का मामला आया है, जिसमें घटना की सूचना मिलने पर भवनाथपुर थाना के पीएसआई रंजीत कुमार व एएसआई अनुज सिंह घटना स्थल पहुंच कर पीड़ित के परिजन से बयान लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है।
मृतक के पिता बच्चू यादव ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि मेरा पुत्र कपिलदेव यादव जो कि दिव्यांग व शादी शुदा एक बच्चे का पिता था। उसकी पत्नी भी दिव्यांग है। अपना गुजारा एक छोटा दुकान से चलाता था। बीते दो माह पूर्व गांव के लोगों के शिकायत पर शराब बेचने के आरोप में जेल भी गया था और 15 दिन पूर्व जेल से छूट कर आया था।
परन्तु गांव के चौकीदार विजय पासवान और राजेश्वर यादव के द्वारा धमकी दी जा रही थी कि हमको पैसा दो नही तो अंजाम बुरा होगा तथा उसके दुकान से भी जबरन समान लेकर पैसा नही देते थे। रविवार को आवास निर्माण का 50 हजार रु मिला था, जिसमे शाम चार बजे वह 15 हजार रु लेकर दुकान आया था। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उक्त दोनों लोगों के द्वारा मेरे पुत्र की हत्या कर फांसी पर लटकाया गया है।पुलिस मामले की छान बिन में जुट गई है।