डंडई : डंडई निवासी वीरेंद्र चंद्रवंशी के 16 वर्षीय पुत्र संजय चंद्रवंशी का शव शनिवार की सुबह गांव के ही एक कच्चे कुएं से पुलिस ने बरामद किया है। परिजन संजय की हत्या कर उसके शव को कुएं में डालने का आरोप लगा रहे हैं। जानकार की के अनुसार शनिवार की सुबह ग्रामीणों द्वारा खेत के कच्चा कुआं में एक युवक का शव देखा गया। इसकी जानकारी कुम्हार टोला निवासी सुमंत चंद्रवंशी ने फोनकर कृष्णा चंद्रवंशी को दी। ग्रामीणों के सहयोग से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान वीरेंद्र चंद्रवंशी के पुत्र संजय चंद्रवंशी उम्र 16 वर्ष के रूप मे की गई। बेटा का शव मिलने की जानकारी के बाद वीरेंद्र चंद्रवंशी वहां परिजन के साथ मौके पर पहुंचे।
वीरेंद्र ने संजय की हत्या का आरोप अपने बड़े पुत्र सुमंत चंद्रवंशी, सुमंत का साला संतोष व गुडू पर लगाया है। उक्त घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी गोपाल शर्मा ने बताया कि वीरेंद्र के बयान पर पुलिस सुमंत चंद्रवंशी तथा संतोष चंद्रवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा उक्त दोनों आरोपितों का स्विफ्ट डिजायर कार जेएच01वाई- 3170 को जब्त कर थाना ले आई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मृतक शुक्रवार की रात करीब 9 बजे अपनी भाभी पूनम देवी के साथ चारपाई पर बैठकर टेलीविजन देख रहा था। उसी दौरान सुमंत वहां आया।
उसे अपनी पत्नी के साथ संजय का टीवी देखना नागवार लगा। सुमंत ने संजय चंद्रवंशी को पिटाई करना शुरू कर दिया। पिटाई से बचने के लिए संजय भागकर अर्धनिर्मित कच्चा कुआं के पास पहुंच गया। इसके बाद वह कैसे कुआं में गिरा इसका खुलासा नहीं हो सका है। रात में उसे घर नहीं लौटने पर मां-पिता उसकी हर संभव खोजबीन किया। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। शनिवार की सुबह उसका शव कुआं से बरामद किया गया।