गढ़वा : गढ़वा थाना क्षेत्र के लोग अब जागरूक हो रहे हैं। गढ़वा थाना प्रभारी के द्वारा विभिन्न पंचायतों में चल रहे जागरूकता अभियान का असर अब दिख रहा है। थाना में पहले की अपेक्षा अब काफी कम विभिन्न तरह के केस आ रहे हैं।
थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के अनुसार पिछले 4 माह में 180 केस गढ़वा थाना में आए हैं, जबकि पहले प्रतिदिन 80 से 100 विभिन्न तरह के केस आते थे। अब 35 से 40 केस प्रति दिन आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि गढ़वा थाना में अभी कुल 380 केस को निपटाया गया है, जिसमें पहले से लंबित 200 केस थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि सबसे ज्यादा महिला प्रताड़ना, डायन-भूत, छोटी मोटी बातों पर झगड़ा करने का ही केस आता है। उन्होंने बताया कि अधिकांश केस तो फर्जी होते हैं, जिसमें दलाल की भूमिका अहम होती है।
दलाल दोनों पक्ष से पैसा लेने के चक्कर में विवाद को पंचायत से थाना तक ले जाते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है। जनता जागरूक हो रही है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जमीन बंटवारा के मामले का निपटारा थाना में नहीं होता है। पुलिस का काम है, अपराध को नियंत्रण करना और क्षेत्र में बिधि व्यवस्था को बनाये रखना। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें और उन्हें मोबाइल, गाड़ी से दूर रखें ताकि उनका पढ़ाई के अलावा कहीं और दिमाग न भटके।