गढ़वा : सोशल मीडिया एवं ओटीटी प्लेटफार्म के लिए केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए नए नियम एवं गाइडलाइन का स्वागत करते हुए भाजपा गढ़वा नगर मंडल महामंत्री मनोज पाठक ने कहा कि निश्चित रूप से सोशल मीडिया हर नागरिक के लिए एक आवाज बनी है, सबको अपनी बात कहने का एक सशक्त माध्यम जरूर है, किंतु यह सब कुछ पूरी जिम्मेदारी के साथ होना चाहिए क्योंकि सोशल मीडिया जितना सशक्त माध्यम है उतना जिम्मेदार यदि हो जाता है तो यह काफी उपयोगी एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाला हो सकता है।
100% विश्वसनीय, सही एवं सत्य जानकारी एवं इसको प्रयोग करने वाले हर व्यक्ति की पूरी जानकारी के साथ यदि इस माध्यम का प्रयोग होगा तो इसके अंदर की कमियों को दुरुस्त करने में सहायता मिलेगी।
फेक आईडी बनाकर भ्रम एवं दुष्प्रचार किया जाना भी सोशल मीडिया पर काफी प्रयोग में आ रहा है। राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में राष्ट्रीय सुरक्षा, राष्ट्र की गोपनीय नीतियों को किसी प्रकार का कोई खतरा न हो और वैसे लोग जो अपनी पहचान छुपा कर गलत तरीके से भारत में भ्रामक जानकारी फैलाकर राष्ट्र को अस्थिर करने का प्रयास करते हैं वैसे लोगों के प्रयास को रोकने के लिए सोशल मीडिया के लिए बनाए गए नए नियम काफी प्रभावी होंगे।
जहां तक ओटीटी प्लेटफार्म की बात है तो कुछ भी बना कर दर्शकों के सामने परोस देना बिना किसी तथ्य एवं जानकारी के सत्य से परे रहकर यह राष्ट्र को भ्रम में डालने वाली स्थिति होती है। भ्रम में डालने वाला एक प्रचार होता है, इसलिए आप जो भी चीजें दिखाएं पूरी तथ्य एवं जानकारी के साथ प्रमाणिक चीजें और भारत की सभ्यता संस्कृति के अनुरूप हो ऐसा सुनिश्चित करने के लिए ही नए गाइडलाइंस लाए गए हैं।