सगमा : सगमा बीडीओ रंजीत कुमार सिन्हा ने प्रखंड कार्यालय स्थित प्रशिक्षण भवन सभागार में शुक्रवार को मुखिया एवं कर्मियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री आवास योजना व मनरेगा योजनाओं की पंचायतवार समीक्षा की तथा कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक के दौरान बीडीओ ने मुखिया, पंचायत सचिव व रोजगार सेवक को अन्य राज्यों से वापस लौटे मजदूरों को प्राथमिकता देते हुए मनरेगा योजनाओं में शत प्रतिशत कार्य देने का निर्देश दिया। बीडीओ ने वित्तीय वर्ष 2016 से 19 तक सभी लंबित प्रधानमंत्री आवास योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी लाभुक आवास को पूर्ण नहीं करता है तो उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए प्रतिवेदन प्रखंड कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
वित्तीय वर्ष 2019 -20 में सबसे अधिक सोनडीहा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास अपूर्ण है, जिस पर बीडीओ ने नाराजगी जताते हुए अधुरे योजनाओं को पूर्ण कराने का निर्देश दिया है। वहीं समीक्षा के दौरान वर्ष 2020 -21 में पीएम आवास का जियो टैगिंग रजिस्ट्रेशन, आवास प्लस में आधार सीडिंग का कार्य करने, समय पर मजदूरों का मजदूरी भुगतान करने की बातें कही। इस मौके पर बीपीओ चंद्रशेखर चौबे, मुखिया नारायण दास यादव, विनोद कुमार राम, मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र राम, दशरथ बैठा, उप मुखिया इसहाक अंसारी, पंचायत सचिव परमानन्द पाठक, सुदर्शन राम, सुरेश राम, पीएम आवास के प्रखंड समन्वयक अजीत कुमार, राजीव कुमार, मनोज गुप्ता समेत स्वयंसेवक, पर्यवेक्षक, रोजगार सेवक, कनीय अभियंता, कंप्यूटर ऑपरेटर आदि लोग मौजूद थे।