कांडी : कांडी प्रखंड में गुरुवार से ही हो रही लागातार वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुसलाधार बरसात में नारायणपुर निवासी उषा कुंवर का घर ध्वस्त हो जाने से उसका पूरा परिवार बेघर हो गया। जानकारी के अनुसार उषा कुंवर के पति का निधन लगभग दस वर्ष पूर्व हो गया है। उसे सिर्फ पांच बेटियां हैं, जिनमें गांव वालों के सहयोग से दो बेटियों की शादी कर दी गई है। मायके में भी माता-पिता का देखभाल करने वाला नहीं होने के कारण उषा कुंवर उन्हें अपने साथ रखती है। अति गरीब होने के कारण वह अपने परिवार के पांच सदस्यों के साथ वर्षों से एक कमरे वाले मकान में गुजर बसर करती थी। गुरुवार की बरसात से उसका घर ध्वस्त हो गया और वह बेघर हो गयी।
गाड़ा खुर्द पंचायत मुखिया प्रतिनिधि नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में नारायणपुर के संतोष मेहता,सुमेर मेहता,रुदल मेंहता, अशोक चौधरी, अरुण चौधरी, बीरेंद्र चौधरी, राजेंद्र चौधरी व सत्यनारायण चौधरी सहित दर्जनों लोगों ने सहयोग कर उक्त घर का मलवा हटाया। जानकारी देते हुए मुखिया प्रतिनिधि नीरज कुमार सिंह ने बताया कि जन सहयोग से उषा कुंवर का घर रहने लायक बनाया जा रहा है। जिसमें मुखिया द्वारा घर का छत ढकने के लिए स्बेस्टस तथा अन्य लोगों द्वारा बांस दिया जा रहा है।