गढ़वा : संपूर्ण विश्व में श्री राम मंदिर निर्माण के लिए निधि संग्रह अभियान चल रहा है इसी क्रम में गढ़वा जिला मुख्यालय में कला एवं साहित्य के अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की झारखंड प्रांत के मंत्री नीरज श्रीधर 'स्वर्गीय' भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ लगे हुए हैं।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतवासियों की आस्था का केंद्र तीर्थ क्षेत्र अयोध्या भगवान श्री राम की जन्म स्थली है। उसी अयोध्या में श्रीराम मंदिर का भव्य निर्माण होना समस्त सनातन धर्मावलंबियों की बहुप्रतीक्षित कामना का मूर्त रूप है। इस महान कार्य में योगदान देने हेतु हर एक घर के हर एक सदस्य से निधि संग्रह अभियान के तहत संपर्क करने का सौभाग्य ईश्वर की कृपा से ही प्राप्त हुआ है।
इस क्रम में जहाँ भी जाना हुआ उस घर के सभी सदस्यों ने अत्यधिक श्रद्धा के साथ अपने सामर्थ्य से कहीं बढ़-चढ़कर समर्पण किया है। सभी आयु वर्ग के लोगों ने इस पुनीत अभियान में सम्मिलित होकर अपने आप को गौरवान्वित अनुभव किया है। इस पुनीत अभियान में लगकर अपने आप को कृतार्थ अनुभव कर रहा हूँ।
उन्होंने बताया कि गढ़वा जिला मुख्यालय में निधि संग्रह के इस अभियान में संस्कार भारती के गढ़वा जिला प्रमुख डॉक्टर शंभू कुमार तिवारी, लोक कला संयोजक अरविंद कुमार तिवारी के साथ पंडित हर्ष द्विवेदी कला मंच के अधिकारी विकास कुमार, बी.के. सिंह का भी भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है।