बंशीधर नगर : नगर उंटारी प्रखंड के कोलझिकी पंचायत में जन वितरण प्रणाली में हुई भ्रष्टाचार की जांच शनिवार को प्रारम्भ कर दिया गया है।उपायुक्त राजेश कुमार पाठक के निर्देश पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा गठित जांच टीम कोलझिकी पंचायत में पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। उपायुक्त स्वयं मामले पर नजर बनाए हुये हैं तथा नगर उंटारी प्रखंड कार्यालय पहुंचकर पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दे रहे थे।कोलझिकि पंचायत में पीडीएस में भारी अनियमितता का मामला प्रकाश में आने के बाद प्रशासन अचानक हरकत में आई तथा मामले की जांच में लग गई है। इस मामले में उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर मामले की जांच करने का निर्देश दिया था।
शनिवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा गठित टीम के द्वारा पंचायत के सभी लाभुको का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है।इस सम्बंध में उपायुक्त राजेश कुमार पाठक ने कहा कि कोलझिकी पंचायत में हुये भ्रष्टाचार के मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषी और जिम्मेवार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
मौके पर जिला के जिला आपूर्ति पदाधिकारी विजेन्द्र कुमार, गढ़वा के एसडीओ जियाउल हक, बीडीओ अमित कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।