बंशीधर नगर : डाक विभाग की लापरवाही के कारण उप डाकघर में महीनों से विभिन्न तरह के स्टांप व पोस्टल आर्डर उपलब्ध नहीं है। जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्टांप पोस्ट ऑफिस के माध्यम से रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट आदि करने के लिए जरूरी होता है। वहीं पोस्टल आर्डर किसी तरह की प्रतियोगी फार्म, वैकेंसी आदि में आवेदन करने के लिए, सूचना के अधिकार अधिनियम के अंतर्गत सूचना मांगने के लिए आवश्यक होता है। पर उप डाकघर में स्टॉप व पोस्टल आर्डर उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को मानसिक व आर्थिक परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है। पोस्टल आर्डर उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को बैंक ड्राफ्ट बनवाने में कई तरह के परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि पिछले माह जनवरी से ही उप डाकघर में विभिन्न तरह के स्टांप व पोस्टल आर्डर उपलब्ध नहीं है। स्थानीय उप डाकघर में स्टांप और पोस्टर उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को जिला मुख्यालय तक का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
हर इस संबंध में पूछे जाने पर उप डाकघर के पोस्ट मास्टर रश्मि रंजन कुमार ने बताया कि मैं पिछले 11 फरवरी को पदभार ग्रहण किया हूं। उससे पूर्व से ही विभिन्न तरह के स्टांप व किसी तरह का पोस्टल आर्डर यहां उपलब्ध नहीं है। हर तरह के स्टांप व पोस्टल आर्डर उपलब्ध कराने के लिए हेड क्वार्टर को पत्राचार किए हैं। उम्मीद है कि जल्द ही सभी तरह के स्टांप व पोस्टल आर्डर उप डाकघर को उपलब्ध करा दिया जाएगा।