मझिआंव : थाना क्षेत्र के आमर गांव में गत बुधवार की देर शाम बबूल का पेड़ काटने को लेकर दो पक्षों के मामूली विवाद में हुई मारपीट में मनोज पांडेय के पुत्र अनिमेष कुमार पांडेय बुरी तरह घायल हो गया। परिजनों के द्वारा खून से लथपथ घायलावस्था में अनिमेष को रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां पर इनका उपचार किया गया। इसके पश्चात डॉ ने माथा में गंभीर चोट होने के कारण सिटी स्कैन व एक्सरे करवाने हेतु गढ़वा भेज दिया।
इधर इस संबंध में घायल के पिता मनोज पांडे ने मझिआंव थाना में लिखित आवेदन देकर गांव के ही कृष्ण दत्त पांडे एवं ऋषि पांडे पर प्राथमिकी कराते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दिए गए आवेदन में कहा गया है कि बबूल पेड़ को काटने को लेकर हुई मामूली विवाद में उपरोक्त दोनों व्यक्तियों ने मेरे बेटे अनिमेष कुमार पांडे को लाठी डंडे से मार कर बुरी तरह घायल कर दिया।
जिसमें माथा फटने के साथ ही शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। इधर दिए गए आवेदन के आलोक में थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कर लिया है।
इधर काउंटर केस करते हुए द्वितीय पक्ष के ऋषि पांडे द्वारा भी प्रथम पक्ष के छः लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने हेतु आवेदन दिया गया है। जिसमें सनी पांडे, सोनू पांडे, विशाल पांडे, अनिमेष पांडे, रिशु पांडे एवं विपिन पांडे शामिल हैं। उपरोक्त सभी व्यक्तियों पर बुधवार की रात्रि लगभग 8:00 बजे घर में जाकर पत्नी शर्मिला दुबे एवं पुत्र अभिजीत कुमार पांडे को लाठी डंडे से मारकर घायल करने के साथ ही सोने का झुमका लूटने का आरोप लगाया है।
इधर थाना प्रभारी ने बताया की दोनों व्यक्तियों के द्वारा दिए गए आवेदन के आलोक में मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच उपरांत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।