मेराल : थाना क्षेत्र के प्रखंड मुख्यालय से तीन पंचायत को जोड़ने वाली मुख्य सड़क करकोमा होते पेशका जाने वाली सड़क पर दानरो नदी में पुल निर्माण कार्य किया जा रहा है। पथ निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत पुल का शिलान्यास पूर्व विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी द्वारा 9 जून 2018 को किया गया था। लेकिन संवेदक द्वारा पुल निर्माण कार्य काफी धीमी गति से कराए जाने के कारण स्थानीय लोग निराश एवं आक्रोशित है। लोगों का आरोप है कि संवेदक द्वारा पुल निर्माण कार्य में जहां गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा जा रहा वहीं नदी पर डायवर्सन भी नहीं बनाया गया है जिसके कारण आए दिन घटना दुर्घटना हो रही है।
पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी करीब अंसारी तथा दुलदुलवा पंचायत के मुखिया पति रामप्रताप साह, बिहारी चौधरी, शंभू चौधरी, मानदेव चौधरी, सूरज देव चौधरी आदि का कहना है कि पुल निर्माण कार्य प्रारंभ हुए 2 वर्ष से अधिक हो गया लेकिन निर्माण कार्य में ढिलाई के कारण काफी कम काम हो पाया है।
साथ ही लोगों का कहना है कि संवेदक द्वारा नदी में डायवर्सन नहीं बनाए जाने के कारण राहगीरों को उबर खाबड़ रास्ते तथा पानी में घुसकर नदी को पार करना पड़ता है ऐसी स्थिति में आए दिन घटना दुर्घटना हो रही है तथा कई लोग घायल भी हो चुके हैं। उक्त समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों ने संवेदक से विभाग द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार निर्माण कार्य कराने यथाशीघ्र नदी में डायवर्सन बनवाने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने कहा कि संवेदक द्वारा अगर निर्माण कार्य के गुणवत्ता में सुधार, तथा डायवर्सन निर्माण नहीं कराया गया तो पुल निर्माण कार्य को नहीं करने दिया जाएगा।