बंशीधर नगर : स्थानीय जलक्रांति भवन में बुधवार को कांग्रेस प्रखण्ड कमिटी के तत्वावधान में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रखण्ड अध्यक्ष ईश्वरी चौधरी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार पूंजीपतियों के हित के लिए तीन नये कृषि कानून लेकर आई है। यह कानून किसान विरोधी है। इस कानून से किसानों के बजाय पूंजीपतियों को लाभ होगा तथा किसान अपनी ही भूमि पर मजदूरी करने को विवश होंगे। उन्होंने कहा कि इस कानून से जमाखोरी बढेगा तथा किसानों के उत्पाद सस्ते दामों में खरीद कर बड़े बड़े पूंजीपति मुनाफा कमाएंगे। उन्होंने कहा कि इस कानून के विरोध में दिल्ली के बॉर्डर पर विगत 76 दिनों से देश के विभिन्न भागों के किसान आंदोलन रत है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को ऐसे काले कानून को वापस लेना चाहिए तथा किसानों के हित मे एम एसपी को कानूनी दर्जा देना चाहिए। जिससे किसानों को उनके उपज का न्यूनतम मूल्य उन्हें मिल सके। उन्होंने कहा कि जबतक ये तीनो नये कृषि कानून केंद्र सरकार वापस नही लेगी तबतक कांग्रेस पार्टी का एक एक कार्यकर्ता किसानों के आंदोलन में उनके साथ खड़ा है। किसान गोष्ठी को कांग्रेस के राम किशोर प्रसाद, मुन्ना लाल, रवि कुमार सहित अन्य ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में महेंद्र उरांव, रघुवीर उरांव, चतुर मेहता, गजेंद्र कुमार चौधरी, संजय राम, धर्मेंद्र चौधरी, नंदेव पासवान, कुमार चौधरी, मुंशी राम, रवि कुमार, सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक प्रसाद यादव ने किया।