बंशीधर नगर : अनुमंडल कार्यालय में वाहन चालकों के लिए ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने हेतु विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इसमें ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ढाई सौ आवेदकों का आवेदन प्राप्त किया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी जयवर्धन कुमार ने कहा कि अनुमान से अधिक आवेदक ड्राइविंग लाइसेंस के लिए पहुंच गए। अब ड्राइविंग लाइसेंस के लिए प्रखंड वार तिथि तय कर विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। लोगों को सुगमता से ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त हो इसके लिए विशेष कैंप का आयोजन आगे भी किया जाएगा। ड्राइविंग लाइसेंस निर्गत करने के लिए नेत्र जांच कैंप व ब्लड ग्रुप जांच कैंप अनुमंडल परिसर में अलग-अलग लगा हुआ था। जिसमें हजारों की संख्या में लोग कतारवद्ध खड़े थे।

नेत्र जांच चक्षु सहायक नागेश्वर सिंह अपने टीम के साथ कर प्रमाण पत्र दे रहे थे। वहीं ब्लड ग्रुप की जांच डॉ संतोष कुमार अपने सहयोगियों के साथ कर रहे थे। जिला परिवहन कार्यालय के सहायक अमित तिवारी बार-बार ध्वनि विस्तारक यंत्र से अभ्यर्थियों को समझा रहे थे, कि ड्राइविंग लाइसेंस के लिए अपने निजी मोबाइल से, प्रज्ञा केंद्र से या कहीं से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी मनीष कुमार, सहायक अमित तिवारी, कंप्यूटर ऑपरेटर अतुल रंजन सिंहा, सूरज चंद्रवंशी, रामेश्वर सिंह, सड़क सुरक्षा के नीरज पांडेय, डॉ संतोष कुमार, नागेश्वर सिंह सहित बड़ी संख्या में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए अभ्यर्थी उपस्थित थे।