बिशुनपुरा : 5 फरवरी को छपे खबर
आशियाना की तलाश में दर-दर ठोकरें खा रहे हैं आदिवासी दंपति, प्लास्टिक के नीचे कट रही है जिंदगी शीर्षक को संज्ञान में लेते हुए बिशुनपुरा अंचल पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी जयपाल महतो ने पिपरीकला पंचायत के दरबाहा टोला निवासी राजेश सिंह खरवार के घर पहुंच कर गहनता से जांच किया। बीडीओ ने जांच में राजेश सिंह खरवार सरकारी सुविधाओं से वंचित होने की पुष्टि किया। बीडीओ ने राजेश सिंह खरवार के परिवार तत्काल सहायता पहुंचाते हुए 25 किलो चावल व जॉब कार्ड उपलब्ध कराया।
बीडीओ ने बताया की राजेश सिंह खरवार व उनकी पत्नी सविता देवी का राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर दिया गया है। उन्होंने इन दम्पति को अंबेडकर आवास का लाभ अविलंब दिलाने के लिए जिला को रिपोर्ट कर दिया है तथा बीडीओ ने उनकी पत्नी सविता देवी को महिला समूह से जोड़ने की बात कही है।
ज्ञात हो कि बिशुनपुरा प्रखंड में स्थित पिपरीकला पंचायत में दरबाहा टोला निवासी राजेश सिंह खरवार एवं उनकी पत्नी सविता देवी की जिन्दगी आज भी प्लास्टिक की बनी झोपड़ी में जीवन गुजारने को मजबूर है। यह दंपति आज भी आवास, राशन जैसे बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। इन सभी मामले का प्रकाशित होने पर बीडीओ ने तत्काल सहायता पहुँचाया है।
मौके पर प्रधानमंत्री आवास प्रखंड समन्वयक नागेन्द्र मेहता, पँचायत सेवक जगदीश राम, ज्ञासुदीन अंसारी, रामाश्रय यादव, रामनाथ पाल, रितेश दूबे सहित कई लोग उपस्थित थे।