गढ़वा : उपायुक्त राजेश कुमार पाठक ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखते हुए समाधान की गुहार लगाई।
सर्वप्रथम जनता दरबार में विधायक, भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र श्री भानु प्रताप शाही ने पत्र प्रेषित कर कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रखंड भवनाथपुर अंतर्गत ग्राम मकरी के ढोला कुंवरठीका से स्थानीय ग्रामीणों द्वारा हस्ताक्षरयुक्त आवेदन देकर बसेरियालेवा कालीकरण पथ से लेकर कुंवरठीका होते हुए बगही मुख्य पथ तक सड़क निर्माण कार्य* कराने की मांग की गई है। इस संबंध में मेरे द्वारा स्वयं अवलोकन किया गया और पाया गया है कि यहां केवल अनुसूचित जनजाति/ अनुसूचित जाति के ही लोग निवास करते हैं, जहां सड़क का निर्माण कार्य कराना जनहित में अति उपयोगी है।
ऐसे में उन्होंने एनओसी देते हुए सड़क बनवाना सुनिश्चित करने की मांग की। उपायुक्त ने वन प्रमंडल पदाधिकारी, उत्तरी वन प्रमंडल को अग्रेतर कार्रवाई हेतु पत्र अग्रसारित किया।
जनता दरबार में अगली फरियादी ग्राम कोल्हुआ, पोस्ट आदर, थाना बरडीहा निवासी अनरजियां कुंवर ने उपायुक्त से अपनी समस्या कहते हुए इंदिरा आवास मुहैया कराने की गुहार लगाई। वहीं ग्राम बिशुनपुरा निवासी एक फरियादी ने जनता दरबार में उपायुक्त को अपनी समस्या बताते हुए कहा कि मैं बिशुनपुरा में रहने वाली गरीब मजदूर हूं किसी प्रकार से मजदूरी करके अपना जीवन यापन करती हूं। मैं उषा हॉस्पिटल बिशुनपुरा में विगत 4 वर्षों से काम करती आ रही हूं जिसने मुझे प्रति माह वेतन भुगतान होता था किंतु विगत 4 माह का मेरा वेतन अभी तक भुगतान नहीं किया गया है।
वेतन के लिए आवाज उठाने पर मुझे डांट डपट कर भगा दिया जाता है। उन्होंने उपायुक्त को अपनी दयनीय स्थिति से अवगत कराते हुए मजदूरी का पैसा भुगतान करवाने का अनुरोध किया। इसके अलावा जनता दरबार में अगले फरियादी सफीक अंसारी ग्राम-तसरार, पोस्ट जरही निवासी ने कहा कि मेरी उम्र 33 वर्ष है। मैं सिकल सेल एनीमिया रोग से बचपन से ही ग्रसित हूं। उन्होंने कहा कि इस बीमारी का मैं लगातार इलाज कराता रहा हूं परंतु अब अपाहिज हो चुका हूं। ऐसे में उन्होंने उपायुक्त से स्थिति को देखते हुए विकलांगता प्रमाण पत्र निर्गत कराने का अनुरोध किया।
जनता दरबार में इसके अलावा भूमि विवाद से संबंधित मामले, दूसरे व्यक्ति के द्वारा खाते से पैसा निकासी करने, अंचलाधिकारी के द्वारा कागजात के अनुरूप आदेश निर्गत करने समेत अन्य से जुड़े कुल 21 आवेदन आये जिन्हें उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को अग्रसरित करते हुए जल्द से जल्द उसका निष्पादन करने का निर्देश दिया।