गढ़वा : जिले में कोविड-19 वैक्सीनेशन का कार्य जारी है। उसी क्रम में आज सदर अस्पताल गढ़वा में कोविड-19 कार्यों में लगे हुए जिला स्तरीय फ्रंटलाइन पदाधिकारियों व कर्मियों को कोरोना की वैक्सीन देने की शुरुआत की गई।
इसी क्रम में उपायुक्त गढ़वा राजेश कुमार पाठक ने वैक्सीन लेते हुए टीकाकरण की शुरुआत की। उपायुक्त ने सर्वप्रथम सभी प्रक्रियाओं का अनुपालन करते हुए रजिस्ट्रेशन काउंटर में रजिस्ट्रेशन कराया तत्पश्चात उन्हें कोविड-19 की वैक्सीन दी गई। इसके बाद उन्हें 30 मिनट के लिए ऑब्जरवेशन रूम में रखा गया। उपायुक्त के अलावा उप विकास आयुक्त गढ़वा सत्येंद्र नारायण उपाध्याय, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा चंद्रजीत सिंह, जिला कल्याण पदाधिकारी सुभाष कुमार, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा दिनेश सुरीन, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री अरुण उरांव समेत कुल 10 जिला स्तरीय पदाधिकारियों व कर्मियों को कोरोना की वैक्सीन दी गई।
इसके साथ ही अन्य पदाधिकारियों व कर्मियों के वैक्सीनेशन का कार्य जारी है।
मौके पर उपायुक्त ने कहा कि वैक्सीन लेने के बाद मुझे किसी प्रकार की समस्या महसूस नहीं हो रही है। यह वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। आम नागरिकों में फैल रही अफवाहों का खंडन करते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार आज कोरोना कार्यों में संलिप्त फ्रंटलाइन कर्मियों के रूप में कार्यरत जिला स्तरीय पदाधिकारियों व कर्मियों ने कोविड-19 टीकाकरण में सहयोग करते हुए वैक्सीन ली हैं, उसी प्रकार आम नागरिक भी अपनी बारी आने पर बेझिझक होकर वैक्सीन ले। जल्द ही कोरोना की वैक्सीन आम नागरिकों के लिए भी उपलब्ध होगी। ऐसे में आप सभी कोविड-19 का वैक्सीन अवश्य लें जिससे हमारा जिला पूरी तरह से कोरोना महामारी से सुरक्षित हो सके।
वहीं उप विकास आयुक्त ने फ्रंटलाइन कर्मियों एवं जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों में ना पड़ते हुए वैक्सीन अवश्य लें एवं दूसरों को भी टीकाकरण हेतु प्रेरित करें।
मौके पर सिविल सर्जन गढ़वा जे.पी. सिंह, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, कर्मी समेत अन्य उपस्थित रहे।