बंशीधर नगर : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव रामेश्वर प्रसाद अकेला ने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सह नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को दस सूत्री मांग पत्र सौंपा है। उन्होंने जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समस्याओं के समाधान की दिशा में शीघ्र पहल करने की मांग किया है।
सौंपे गये मांग पत्र में वृद्ध, विधवा, दिव्यांगों के विगत पांच माह से रुके पेंशन का भुगतान कराने, नये लोगो का पेंशन स्वीकृत करने, विगत पांच वर्ष पूर्व टूटे अलकर ग्राम स्थित सतबहिनी नाला बांध, पूर्णा नगर स्थित नइकी बांध, झुमरी ग्राम स्थित बघौता बांध की मरम्मति कराने, फ्लोराइड युक्त जल से मुक्ति के लिए पतरिहा कला, खुर्द, हुलहुला कला खुर्द व नया खांड ग्राम में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराने, नगर पंचायत क्षेत्र का कचरा हुलहुला खुर्द में फेंका जाता है, वहां चारदीवारी का निर्माण कराने, नालियों की सफाई,जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने, प्रखण्ड के सभी आहर पोखर का गहरीकरण कराने, बांधो की ऊंचाई बढ़ाने, 1932 के खतियान नक्शा के आधार पर गांवो का रास्ता अतिक्रमित किया गया है, उसे अतिक्रमण मुक्त कराने, हाल सर्वे को रद्द कर रजिस्टर टू से मालगुजारी रसीद कटवाने, तुलसी दामर स्थित बन्द डोलोमाइट खदान खुलवाने, बैठकी का मजदूरी भुगतान कराने तथा वनों का विकास तेजी से कराने व नदियों को प्रदूषित होने से बचाने की मांग शामिल है।