भंडरिया : थाना में पदस्थापित पुअनि गोपाल शर्मा के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विदाई समारोह के शुरुआत में रंका एसडीपीओ मनोज कुमार एवं भंडरिया इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत के द्वारा संयुक्त रुप से गोपाल शर्मा को फूल माला पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वहीं उपहार स्वरूप वस्त्र भेंट की गई।
डीएसपी मनोज कुमार ने कहा कि इनका कार्यकाल बहुत ही अच्छा रहा, जितने भी दिन पुलिस प्रशासन में सेवा दिए वह सराहनीय रहा। इनका व्यक्तित्व व कुशल व्यवहार हमेशा हमारे यादों में रहेगा। अपने कर्तव्यनिष्ठता एवं कर्तव्यपरायणता के लिए ये विभाग के अन्य पुलिस कर्मियों के लिए प्रेरणा स्रोत थे।
सदैव समय का पालन करना, अनुशासित जीवन जीना और ड्यूटी पर पक्का रहना उनके जीवन का हिस्सा बन गया था। सेवानिवृत्ति सेवाकाल के बाद का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। सेवाकाल के दौरान पुलिसकर्मी चाह कर भी परिजनों के बीच समय नहीं दे पाते। देश सेवा में ही उनका समय व्यतीत हो जाता है।
थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत ने कहा कि श्री शर्मा एक कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व के धनी कर्मी थे। इनके द्वारा अपने सहकर्मियों को पर्याप्त सम्मान दिया जाता था। अपने मिलनसार स्वभाव के कारण कर्मियों के बीच सदैव मित्रवत रहते थे।
मौके पर इस विदाई समारोह में अभिभूत श्री गोपाल शर्मा ने कहा कि थाना में ड्यूटी के दौरान परिजनों की कमी का एहसास साथी कर्मियों ने नहीं होने दिया।
सदैव लगता था कि अपने ही भाई बंधुओं के बीच हूँ।
मौके पर श्रवण कुमार, अशोक सिंह, स्वामी रंजन ओझा, सुदामा पाण्डेय आदि सहित काफी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित थे।