रमना : प्रखंड मुख्यालय स्थित बालिका उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक महेन्द्र प्रसाद गुप्ता 31 जनवरी को सेवानिवृत हो गये। उनके सेवानिवृति के पश्चात वरीय शिक्षक लक्ष्मी साहु को विद्यालय का प्रभार सौंपा गया है।
जानकारी के अनुसार 1992 से संचालित यह विद्यालय झारखण्ड अधिविध परिषद रांची की ओर से स्थापना अनुमति प्राप्त तथा गैर अनुदानित है। इस विद्यालय का संचालन छात्राओं से प्राप्त शिक्षण शुक्ल के सहारे किया जाता रहा है। इस विद्यालय से अब तक करीब 13 हजार बेटियां मैट्रिक पास कर चुकी हैं। विदित हो कि महेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने इस विद्यालय में बतौर प्रधानाध्यापक 28 वर्ष एक माह तक अपनी सेवा दी है। बताते चले कि श्री गुप्ता उक्त विद्यालय के संस्थापक भी हैं।
इधर विद्यालय प्रबन्धन समिति ने विद्यालय विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए स्वस्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की है।
मौके पर शिक्षक विनोद कुमार पांडेय, चतुरगुन महतो, अखिलेश्वर प्रसाद शुक्ल, वृंदा देवी, धर्मदेव उरांव, सुभद्रा कुमारी, लिपिक मोतीचंद राम, आदेशपाल रामजी राम, चम्पा देवी सहित कई छात्राएं मौजूद थी।