बंशीधर नगर : अंचल अधिकारी अरुणिमा एक्का ने जंगीपुर गांव निवासी ज्ञान्ति देवी पति स्व हरिहर राम के आवास निर्माण स्थल की भूमि जांच प्रतिवेदन अग्रेतर कार्रवाई के लिए अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपा है।
अंचल अधिकारी ने अपने जांच प्रतिवेदन में लिखा है कि अंचल में संधारित अभिलेखों से पता हुआ कि ज्ञान्ति देवी पति स्व हरिहर राम को मौजा जंगीपुर के हाल सर्वे खाता 256 प्लॉट 1766 रकबा 1'5 डिसमिल का भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए निर्गत किया गया है। जबकि ज्ञान्ति देवी द्वारा आवास निर्माण मौजा जंगीपुर के हाल सर्वे खाता 342 प्लॉट 1848 रकबा 1'5 डिसमिल भूमि पर किया जा रहा है। जिसकी चौहद्दी उत्तर में त्रिवेणी महतो, दक्षिण में रास्ता, पूरब में रास्ता के बाद देवी धाम और पश्चिम में अजय राम है।
ज्ञान्ति देवी के द्वारा अंचल द्वारा निर्गत भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र वाली भूमि पर आवास निर्माण न कर दूसरे प्लॉट पर आवास का निर्माण किया जा रहा है। शिकायत की जांच हल्का कर्मचारी एवं अंचल निरीक्षक के द्वारा किया गया। जांचोपरांत पाया गया की मौजा जंगीपुर के देवी धाम चौपाल के पास ज्ञान्ति देवी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गत सर्वे खाता 46 प्लॉट 1082 (हाल सर्वे खाता 342 प्लॉट 184) कुल रकबा 11 डिसमिल की भूमि पर 1'5 डिसमिल भूमि पर आवास निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया है। गत सर्वे खाता 46 प्लॉट 1082 का पुराना खतियान रघुनी, शैनी, मधुआ व बुधुआ पिता दीपन कहार के नाम से बना हुआ है। ज्ञान्ति देवी खतियान के रैयत के वंशबृक्ष में आती है।
हाल सर्वे खाता 342 प्लॉट 1848 रकबा 11 डिसमिल किस्म देवस्थान का हाल सर्वे खतियान अनावाद सर्वसाधारण के नाम से बना है। जिस प्लॉट पर ज्ञान्ति देवी के द्वारा आवास निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया है, उक्त प्लॉट आवास निर्माण के पूर्व सार्वजनिक उपयोग में ग्रामीणों द्वारा लाया जाता रहा है।