भंडरिया : जिला पुलिस अधीक्षक एस श्रीकांत खोटरे ने शुक्रवार की शाम भंडरिया थाना क्षेत्र के गांव तेनटांड के टोला कोरहटी पहुंच कर आदिम जनजाति कोरवा लोगों के बीच 100 कंबल का वितरण किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड को देखते हुए गरीब असहाय आदम जनजातियों के बीच कंबल का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने आदिम जनजाति परिवार के लोगों से उनकी समस्याएं भी सुनी और निदान का आश्वासन दिया। उन्होंने उनकी विभिन्न समस्या पेयजल, बिजली, शिक्षा, आदि की जानकारी ली।
एसपी को जानकारी देते हुए आदिम जनजाति परिवार के युवक वीरेंद्र कोरवा ने बताया कि पेयजल के लिए टोले में दो कुआं व एक चापाकल है उसी से टोले के लोग पानी पीते हैं।
एसपी ने पेयजल व बिजली की समस्या को ठीक करने का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक ने रिंकू कोरवा से पढ़ाई के बारे में पूछा, और कहा कि अगली बार आएंगे तो तुम्हारे लिए पाठ्यक्रम की समाग्री लेकर आएंगे। कोरहटी में एसपी के पहुंचने पर उक्त टोले के लोगों मे काफी हर्ष था।
मौके पर रंका एसडीपीओ मनोज कुमार, मेजर ओम प्रकाश दास, भंडरिया इस्पेक्टर सह थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत सहित काफी संख्या मे पुलिस जवान उपस्थित थे।