बंशीधर नगर : राजकीय मध्य विद्यालय चित् विश्राम के प्रांगण में शहीद दिवस के अवसर पर वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग उत्तरी वन प्रमंडल गढ़वा के नगर उंटारी वन क्षेत्र के द्वारा पर्यावरण जागृति के सहयोग से छात्र-छात्राओं एवं आम जनमानस को वन पर्यावरण विभाग से जोड़ने तथा वनों एवं वन संपदा के संरक्षण के प्रति जागरूकता हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सर्वप्रथम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन करते हुए अतिथियों द्वारा चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सेल बोकारो के सेवानिवृत्त अधिकारी सह ग्रामीण अभिभावक रविंद्र नाथ पांडेय ने कहा की वन हमारे जीवन रक्षक हैं।
इनकी रक्षा करना हम सब का कर्तव्य है। बच्चे जो कल के भविष्य हैं, इन्हें खासकर जागरूक करना वन विभाग से जोड़ना यहां के वन विभाग एवं अधिकारियों की एक अच्छी सोच है। उन्होंने कहा कि बच्चे आज से ही अपने भविष्य के प्रति अपनी इस पृथ्वी के प्रति सजग होंगे तभी हमारा आने वाला कल सुरक्षित रहेगा। यह सुखद संयोग है कि आज सारा राष्ट्र राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को याद कर रहा है, जिनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
वनरक्षी शशिकांत कुमार ने कहा कि वन विभाग लगातार प्रयासरत है कि हम लोगों से जुड़े तथा उनसे जुड़ कर वन के महत्व को उनके दिल में बसाए। बच्चे जो कल के भविष्य हैं उनके साथ हमारा विभाग जीवन को बचाने के लिए कृत संकल्प है। जीवन का अर्थ है जीव और वन।
हमारा विभाग इन बच्चों को वन दर्शन, फॉरेस्ट टूर पर भी ले जाता है जिससे बच्चे वन एवं वन्य जीवो के महत्व को समझते हैं।
समाजसेवी अमरनाथ पांडेय ने कहा कि वन हम सबका है। हम सब के लिए है। अगर हमने इसे संरक्षित नहीं किया तो आने वाली पीढ़ी हमें माफ नहीं करेगी। राम व्यास पांडेय ने कहा कि वन और गांधीजी के विचार हमारे लिए हमेशा आवश्यकता की तरह रहेंगे दोनों की प्रासंगिकता मनुष्य के जीवन में समाप्त नहीं होगी।
वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से उच्च विद्यालय चितविश्राम, उत्क्रमित मध्य विद्यालय अलकर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोवरदहा तथा चितविश्राम के प्लस टू में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के बीच 100 से ऊपर टी शर्ट, कैप, पेन, पैड तथा स्कूल बैग का वितरण किया गया।
इस अवसर पर वनरक्षी अरुण कुमार, उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित कुमार, शिक्षक तनवीर आलम, मध्य विद्यालय के शिक्षक नरेंद्र श्रीवास्तव, सुशील कुमार पांडेय, शिक्षिका पूनम कुमारी, एसएमसी के अध्यक्ष संजय पांडेय, विशाल दत्त पांडेय, नरेंद्र पांडेय, अनुराग सोनी, निक्कू सेठ, गोविंद पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
इस अवसर पर पर्यावरण जागृति को ओर से पर्यावरण के विविध आयाम नामक पुस्तक भेंट किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक कमलेश कुमार पांडेय तथा धन्यवाद ज्ञापन मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारिका नाथ पांडेय ने किया।