गढ़वा : गढ़वा पुलिस ने विगत 9 फरवरी को भवनाथपुर के अनुराग होटल में गोली लगने से हुई मौत मामले में राँची के ठेकेदार अरविन्द सिंह हत्यकांड का आज खुलासा कर दिया है। साथ ही उक्त हत्याकांड में प्रयुक्त पिस्टल तथा 112 राउंड जीवित कारतूस पुलिस ने आरोपी धनंजय सिंह के पलामू जिले के हैदरनगर घर से बरामद कर ली है।
इस संबंध में आज पुलिस उपाधीक्षक बहामन टूटी ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि दरअसल नौ दिसंबर को भवनाथपुर बस्ती के शैलेंद्र सिंह की पुत्री की बारात आई हुई थी। उक्त बारात में आए बाराती भवनाथपुर के अनुराग होटल में रुके हुए थे, उसी दौरान हर्ष फायरिंग में रांची के ठेकेदार अरविंद कुमार सिंह को गोली लगने से मौत की बात सामने आई थी।
इस सिलसिले में मृतक अरविंद सिंह के साला ने भवनाथपुर थाना में 234/ 20 प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इसके आलोक में गढ़वा के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत राव खोतरे ने एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी ने जब अनुसंधान के दौरान हैदरनगर के धनंजय सिंह पर दबिश बढ़ाया तो धनंजय सिंह ने पिछले 20 जनवरी को गढ़वा न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था, जिसे रिमांड पर लेकर पुलिस ने जब पूछताछ किया तो हत्या के आरोपी धनंजय ने अपना गुनाह कबूल करते हुए पुलिस को जानकारी दी कि उसने जिस पिस्तौल का इस्तेमाल किया था वह उसके हैदरनगर घर में है। पुलिस उक्त सूचना पर धनंजय के घर से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल तथा गोली बरामद किया है।
एक सवाल के जवाब में पुलिस अधीक्षक श्री टूटी ने कहा कि ठेकेदार अरविंद सिंह को धनंजय कुमार सिंह ने जानबूझकर गोली मारी थी अथवा गलती से गोली लगी है, इसका फिलवक्त अब तक खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस इस मामले की भी अनुसंधान कर रही है। इसके बाद ही अंतिम नतीजे पर पहुंचेगी।