बंशीधर नगर : देश के प्रखर समाजवादी नेता सह पूर्व केंद्रीय मंत्री जार्ज फर्नाडीस का द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर चेचरिया स्थित भाजपा कार्यालय परिसर में शुक्रवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रद्धांजलि सभा का शुभारंभ जार्ज फर्नाडीस के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पूर्वमंत्री सह भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामचन्द्र केशरी ने कहा कि जार्ज फर्नाडीस एक बेमिशाल नेता थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुझे जो प्यार दिया उसे शब्दो मे बयां नही किया जा सकता है।इस क्षेत्र में किये गए उनके कार्यो को याद करते हुए उन्होंने कहा कि 1998 में आरएम डी सेल भवनाथपुर में चल रहे डोलोमाइट खदान को प्रबंधन ने 4 अप्रैल 1998 से बन्द कर दिया था।
हजारों लोग बेरोजगार हो गए थे। डोलोमाइट खदान को खुलवाने के लिए गढ़वा जिला हिन्द मजदूर किसान पंचायत व समता पार्टी के नेताओ ने मेरे नेतृत्व में 21 जुलाई से 24 जुलाई तक धरना व आमरण अनशन पर जार्ज साहब के आवास पर बैठे थे, जार्ज साहब के हस्तक्षेप के कारण इस खदान को खुलवाने में कामयाबी मिली थी।उन्होंने कहा कि नगालैंड के मोरे में ड्रग्स के विरोध में भी उनके साथ आंदोलन में शामिल हुआ। उन्होंने कहा कि वे दस भाषाओं के विद्वान थे। वे अपने राजनीतिक जीवन में 9 बार सांसद बने। उन्होंने कहा कि वे पहली बार 1967 मे चुनाव लड़े व जीते थे।1977 में तिहाड़ जेल में रहते हुए बिहार के मुजफ्फरपुर से चुनाव लड़े और रिकार्ड जीत हासिल किए थे। जनता सरकार में वे पहले संचार मंत्री, फिर उद्योगमंत्री बने थे।
उसी समय उन्होंने कोका कोला व आई बी एम को देश छोड़ने का आदेश दिया था। 1989 में बीपी सिंह मंत्री मंडल में रेलमंत्री बने थे। 1998 से 2004 तक वाजपेयी मंत्रिमंडल में रक्षामंत्री रहे।इनके कार्यकाल में भारत ने कारगिल युद्ध मे पाकिस्तान को पराजित किया तथा भारत ने पोखरण में परमाणु परीक्षण किया था।
भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य विजय कुमार केशरी ने कहा कि वे सच्चे देश भक्त थे।सादगी उनके जीवन मे कूट कूट कर भरा था।1950 में ट्रेड यूनियन से जुड़े थे। मुम्बई के टैक्सी यूनियन पर उनका एकाधिकार था। ये धर्म के संकीर्ण दायरे से ऊपर उठकर दलितों के उत्थान के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 को इंदिरा गांधी ने देश मे जब आपात काल लगा दिया था, जिसका जार्ज साहब ने हिंसक विरोध करने का मन बना लिया था, जिसके कारण उनपर बड़ोदा डायनामाइट कांड नाम से एक आपराधिक मामला दर्ज कर उन्हें जेल में बंद कर दिया गया था।
श्रद्धांजलि सभा को भाजपा नेता अश्विनी कुमार, प्रकाशचन्द सेठी, सोबरन चंद्रवंशी, मो0 नईम खलीफा, राजेश कुमार मेहता, आफताब आलम सहित अन्य ने संबोधित किया।
समारोह में बूच्चू प्रसाद, उमाशंकर प्रसाद, नीरज कुमार, राज कुमार, नंदकिशोर प्रसाद, सुखबीर सिंह, सोबराती खां, सुनील कुमार, अरुण कुमार, इस्माइल अंसारी, दिनेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष कुमार कनिष्क ने तथा संचालन सीताराम जायसवाल ने किया।