बंशीधर नगर : थाना क्षेत्र के एक गांव में हरिजन नाबालिक लड़की से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में भुक्तभोगी नाबालिक लड़की के पिता ने शनिवार की शाम थाना पहुंचकर विलासपुर गांव निवासी चंदन कुमार सिंह, पिता राजकुमार सिंह पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने थाना कांड संख्या 14/ 2021 धारा 376 भादवि एवं 6 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान में जुट गई है। इधर पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण व न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया है।
भुक्तभोगी लड़की के पिता ने अपने आवेदन में लिखा है कि मेरी पुत्री गत शुक्रवार (22 जनवरी) की शाम में सामान लेने के लिए घर से किराना दुकान जा रही थी, तभी करीब 6:30 बजे चंदन कुमार सिंह उसे जबरदस्ती उठाकर रेलवे लाइन किनारे ले गया और दुष्कर्म किया।
इस बीच लड़की चीखती-चिल्लाती रही। पर वह लड़की को छोड़ा नहीं और रात भर अपने साथ रखा। सुबह होने पर लड़की घर आई और आपबीती सुनाई। इसके बाद थाना आकर इसकी सूचना दिया।