बड़गड़ : पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने रविवार को बड़गड़ प्रखण्ड का दौरा कर सिंचाई व पेयजल उपलब्ध कराने हेतु तीसरे फेज का उगरा गांव स्थित कनहर नदी का निरीक्षण किया।
स्थानीय हनुमान मंदिर स्थित रामलिला मैदान में लोगों को संबोधित करते हुए सांसद बीडी राम ने कहा कि मैं सिंचाई को हमेशा प्राथमिकता देते आया हुँ। प्रधानमंत्री ने पलामू संसदीय क्षेत्र को सिंचाई परियोजना दे कर तौहफा दिया है। उक्त परियोजना पुर्ण होने के साथ ही गढ़वा जिला के सभी प्रखंडों में सिंचाई के लिए पानी पर्याप्त मात्रा में किसानों को उपलब्ध होगी एवं पेयजल कि समस्या का समाधान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि गढ़वा जिला में पाइप लाइन के माध्यम से विभिन्न जलाशयों/जल निकायों में आवश्यकतानुसार पेयजल एवं सिंचाई जल उपलब्ध कराये जाने के कार्य हेतु रु० 116928 (एक हजार एक सौ उनहतर करोड़ अठाइस लाख) की योजना का शिलान्यास वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
उक्त योजना अब धरातल पर उतरने वाली है। इस पर मार्च 2021 से कार्य प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निश्चित रूप से गढ़वा जिला वासियों के लिए खुशखबरी है। इस योजना के अंतर्गत गढ़वा जिला के सभी प्रखंड शामिल हैं। भाजपा सरकार सड़क, बिजली, सिंचाई सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिये कृत संकल्पित है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य मुकेश निरंजन सिन्हा, पुर्व प्रत्याशी मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी, विवेक भवानी सिंह, कमलेश नंदन सिन्हा, बड़गड़ मंडल अध्यक्ष बजरंग प्रसाद, आनंद सोनी, सुभाष गुप्ता सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।