मेराल : सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत 16 जनवरी शनिवार को मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड-19 का टीका लगाकर कार्यक्रम का शुरुआत किया गया।
टीकाकरण की शुरुआत एसडीओ नगर जयवर्धन कुमार, डीआरडीए निदेशक अनिल क्लेमेंट ओड़िया, बीडीओ गौतम कुमार तथा अंचलाधिकारी यशवंत नायक की मौजूदगी में की गई।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ दीपक सिन्हा ने बताया कि सीएचसी मेराल में एक सौ स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण के लिए निबंधित किया गया है। निर्धारित गाइडलाइन के तहत पहला टीका हॉस्पिटल के स्वीपर राकेश कुमार को लगाया गया उसके बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ दीपक सिन्हा एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों का बारी बारी से टीकाकरण हुआ।
टीका लगाने के बाद सभी को आधे घंटे तक ऑब्जर्वेशन में रखा गया। ऑब्जरवेशन के बाद पूछे जाने पर डॉ दीपक सिन्हा तथा राकेश कुमार ने बताया कि किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। डॉ सिन्हा ने अन्य लोगों को आश्वस्त किया कि टीकाकरण कोई भी साइड इफेक्ट नहीं है इसलिए लोग किसी प्रकार के भ्रम में ना रहे।
टीकाकरण के लिए 6 फीट की दूरी पर सर्किल बनाया गया था। स्वास्थ्य कर्मी क्रमबद्ध टीकाकरण के लिए जा रहे थे जिनका हाथ सैनिटाइज कराने के बाद थर्मल जांच भी किया गया। टीकाकरण को सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए अधिकारियों के साथ चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी सक्रिय थे। शनिवार को बहुप्रतीक्षित टीकाकरण प्रारंभ हुआ, इसको लेकर आम लोगों में भी काफी उत्सुकता देखी गई।
इस अवसर पर डॉ अनिल साहू, डॉ राकेश कुमार, डॉ प्रमोद पीयूष, सुशील कुमार, हुमायूं कबीर, दीपेश तिवारी, विनोद कुमार, विजय मल साहू आदि उपस्थित थे।