कांडी : हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड मां सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल में मकर संक्रांति पर गुरुवार को सतबहिनी झरना व सोन नदी के श्रीनगर घाट में लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। सूर्य को अघ्र्य देकर गुड़तिल का दान किया।
सर्वाधिक भीड़ सर्कोनी पंचायत स्थित सतबहिनी झरना में देखी गई। यहां आयोजित मेले में करीब 50 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान है। इसी प्रकार सोन नदी के श्रीनगर घाट में भी मेला आयोजित किया गया। जहां बड़ी संख्या में लोगों ने स्नान-दान कर मंगलकामनाएं की। वहीं युवाओं व बच्चों ने जमकर लुत्फ उठाया। सभी पर्यटकों ने खान-पान की सामग्री व खिलौनी की खरीदारी के बाद झूलों का भी आनंद उठाया। मकर संक्रांति पर विशेष महत्व रखने वाले तिलकुट,जलेबियाँ व चाट-पकौड़े का भाव आसमान पर रहा।
फिर भी लोगों ने जमकर खरीदी की। मेले से लौटने वाले लोगों के हाथों में जलेबियाँ जरूर दिखा। खासकर, महिलाओं व बच्चों में इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सतबहिनी झरना में मकर संक्रांति के पावन पर्व पर विशाल मेले का आयोजन हुआ। मकर संक्रांति के अवसर पर झारखंड, बिहार, उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़ के पर्यटकों ने झरना में स्नान कर सूर्य भगवान को जल भी अर्पित किए, साथ ही माँ सतबहिनी का दर्शन कर मेले में जमकर खरीददारी भी किए। पूरा मेला मिठाई और खिलौने से गुलजार था, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की पैनी नजर रही। वहीं हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष अजय सिंह द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कांडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार अपने दल बल के साथ सुबह से ही मेला स्थलों में मौजूद रहे।