बंशीधर नगर : पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने बुधवार को गढ़वा जिले में पाइप लाइन के माध्यम से विभिन्न जलाशयों में आवश्यकतानुसार पेयजल व सिंचाई जल उपलब्ध कराने की योजना का भवनाथपुर प्रखण्ड स्थित दारीडीह ग्राम में सोन नदी लिफ्टिंग प्वाइंट का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पाइप लाइन बिछाने का कार्य मार्च माह में प्रारंभ हो जायेगा।यह एक हजार एक सौ उनहत्तर करोड़ अठाइस लाख की योजना है। इसका कार्य तीन फेज में पूरा होगा। इस योजना के पूरा हो जाने पर गढ़वा जिला के सभी प्रखंडों व पलामू जिले के चैनपुर प्रखण्ड के किसानों के खेतों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। वहीं पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि इस योजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पलामू आगमन के दौरान ऑन लाइन किया था।
उन्होंने कहा कि इस योजना की मुख्य विशेषता है कि इसमें किसानों की अधिक भूमि नहीं ली जाएगी, क्योकि पाइपलाइन से पेयजल आपूर्ति किया जायेगा।केवल लिफ्टिंग के लिए बनाए जाने वाले पाइप हाउस के लिए किसानों की भूमि लिया जाएगा, जिसके लिए किसानों को मुआवजा मिलेगा।
मौके पर भाजपा नेता रघुराज पांडेय, शारदा महेश प्रताप देव, अलखनाथ पांडेय, मुकेश चौबे, मुकेश निरंजन सिन्हा, ईश्वरी पांडेय, उमेन्द्र यादव, मथुरा पासवान, इंद्रमणि जायसवाल, उपेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।