गढ़वा : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय चिनिया में राष्ट्रीय युवा दिवस सह स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पलामू विभाग संयोजक निशांत चतुर्वेदी एवं +2 विद्यालय के प्राचार्य राजीव रंजन तिवारी मौजूद रहे।
छात्रों को संबोधित करते हुए विभाग संयोजक निशांत चतुर्वेदी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने मात्र तीस वर्ष की आयु में शिकागो, अमेरिका के विश्व धर्म सम्मेलन में हिंदू धर्म का प्रतिनिधित्व किया और उसे सार्वभौमिक पहचान दिलवाई। गुरुदेव रविन्द्र नाथ टैगोर ने एक बार कहा था-"यदि आप भारत को जानना चाहते हैं तो विवेकानन्द को पढ़िये।
उनमें आप सब कुछ सकारात्मक ही पायेंगे, नकारात्मक कुछ भी नहीं।"
प्राचार्य राजीव रंजन तिवारी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद आज भी प्रासंगिक हैं तथा नवीन भारत के निर्माण में युवाओं को प्रेरित करते हैं। स्वामी जी ने युवा शक्ति को गुलामी के अवसाद से निकल कर महान राष्ट्र का पुनर्निर्माण करने का आवाह्न किया था।
प्रतिभा सम्मान समारोह में दौड़,पेंटिंग और निबंध कार्यक्रम कराये गए। लड़का सेक्शन से दौड़ में प्रथम स्थान सूरज कुमार परिहे, द्वितीय स्थान बाल कुमार और तृतीय स्थान रिंकू यादव को प्राप्त हुआ। वहीं लड़की सेक्शन से प्रथम स्थान मुस्कान द्वितीय स्थान प्रतिमा और तृतीय स्थान रीमा कुमारी को मिला। पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान उमरगुल अंसारी, द्वितीय स्थान सबाना खातून, तृतीय स्थान नाजमा खातून को मिला।
निबंध प्रतियोगिता में प्रथम अनुरंजन सिन्हा, द्वितीय रीना कुमारी, तृतीय स्थान समुद्री कुमारी को प्राप्त हुआ। पंकज चौबे ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मंच संचालन सौरभ गोलू ने किया।
कार्यक्रम में चिनिया प्लस टू के शिक्षक दुर्गेश जी, गोविंदा जी, डॉ. चंद्रमौली पांडे एवं आनंद प्रकाश चौबे ने भी छात्रों को संबोधित किया।
इस मौके पर महाविद्यालय के शिक्षकों, छात्रों एवं गोलू, सीपू, राज, निखिल, मनीष, छोटू, प्रियांशु, प्रिंस, अमन सहित अभाविप के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।