मेराल : प्रखंड के पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ द्वारा मंगलवार को 2 सूत्री मांग को लेकर पेयजल स्वच्छता मंत्री सह स्थानीय विधायक मिथिलेश कुमार ठाकुर का आवास घेराव किया गया। स्वयंसेवक संघ के अध्यक्ष मकसूद आलम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने विधायक आवास का घेराव किया तथा मौके पर उपस्थित जेएमएम के जिला अध्यक्ष को 2 सूत्री मांग पत्र सौंपा। साथ ही मामले को लेकर बीडीओ गढ़वा को भी ज्ञापन सौंपा गया।
सौंपे गए मांग पत्र में स्वयंसेवकों को सम्मानजनक वेतन देना तथा स्थायीकरण करना शामिल है। स्वयंसेवकों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से लेकर पंचायत में चल रहे महत्वपूर्ण अन्य कार्य में हमारी भूमिका महत्वपूर्ण है, और हमें सरकार से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी समय पर नहीं मिल पाती है, जिससे हमारा और हमारे परिवार का गुजारा हो सके।
हमारा परिवार भुखमरी के कगार पर है। अगर उनकी बातें 27 तारीख तक नहीं मानी गई तो बाध्य होकर राजभवन का मार्च करेंगे।
गौरतलब हो कि विगत 4 वर्ष से स्वयंसेवक पंचायत में कार्य कर रहे हैं जिसके लिए उन्हें प्रोत्साहन राशि दिया जाता है। घेराव कार्यक्रम में मेराल के अलावे गढ़वा के भी स्वयंसेवक शामिल थे।
मांग पत्र सौंपने वालों में विनीता गौतम, आशीष कुमार, मुनि पासवान, मुकेश कुमार, कंचन प्रभाकर, यशवंत बैठा, प्रभु राम, राजू साहू, पप्पू कुमार, रुपेश कुमार, भरत कुमार, धर्मेंद्र मेहता, राज कमल, राज कुमार, मुकेश कुमार सहित काफी संख्या में स्वयंसेवक शामिल थे।