पलामू : प्रशिक्षु आईएएस सह प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने लेस्लीगंज पुलिस के सहयोग से लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के झरहा अमानत नदी घाट पर छापेमारी कर अवैध रूप से बालू ढुलाई कर रहे 19 ट्रैक्टर को पकड़ा। पकड़े गए सभी ट्रैक्टर अवैध रूप से बालू ऊंची कीमत पर ग्रामीण क्षेत्रों में बन रहे पीएम आवास में बेचते हैं।
इस बाबत पहले भी लेस्लीगंज थाना प्रभारी गौतम कुमार राय ने सभी ट्रैक्टर मालिको से मीटिंग कर अवैध रूप से बालू उठाव करने से मना किया था। साथ ही पीएम आवास निर्माण कार्य में उचित कीमत पर बालू देने का आग्रह भी। किन्तु थाना प्रभारी के आग्रह का कोई असर इन बालू माफियाओं पर नहीं हुआ और निर्बाध रूप से नदियों से बालू का उठाव रात-दिन करते रहे।
बालू माफिया के इन्ही हरकतों से आजिज आज अहले सुबह लेस्लीगंज पुलिस ने प्रशिक्षु आईएएस सह प्रखंड विकास पदाधिकारी दिलीप सिंह शेखावत के नेतृत्व में छापेमारी किया।
ज्ञात हो कि लेस्लीगंज प्रखंड में सिर्फ एक ही घाट जोलंगा अमानत नदी पर हुआ है, जो काफी दूर है। और ट्रैक्टर मालिकों के मुताबिक 550 रुपये का चालान सिर्फ एक घंटा के लिए काटते हैं जो अनुचित है। क्योंकि एक घंटा में बालू लदा ट्रैक्टर अपने गंतव्य तक भी नही पहुँच पाता।
ट्रैक्टर मालिकों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए प्रभारी बीडीओ दिलीप सिंह शेखावत ने जिला खनन विभाग से फाइन कर ट्रैक्टर छोड़ने, अवैध रूप से बालू का उठाव नहीं करने, ट्रैक्टर पर ट्रैक्टर नम्बर लिखवाने का निर्देश दिया।
साथ ही कहा कि शीघ्र ही सभी बालू घाटों का सर्वेक्षण कर बंदोबस्त किया जाएगा। जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान न हो, एवम उपभोक्ताओं को उचित कीमत पर बालू एवम मजदूरों को रोजगार मिल सके।