सगमा : सगमा प्रखंड मुख्यालय स्थित सगमा पुतुर सोनडीहा बीरबल होते हुए बिलासपुर व रक्सी तक बन रहे सड़क निर्माण में मोरम के जगह चिकनी मिट्टी डाल दिए जाने के कारण बरसात के मौसम में इस सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गयी है जिसके कारण इस रास्ते से सफर करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोनडीहा मुखिया पति दशरथ बैठा ने बताया कि सड़क का निर्माण करा रहे बीआरएस कंस्ट्रक्शन कम्पनी के मनमानी रवैया व घोर लापरवाही के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुतुर नहर से लेकर सोनडीहा बीरबल तक पैदल चलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण रविन्द्र प्रजापति, विशुन यादव, मनोज प्रजापति, महेंद्र प्रजापति, संतोष चंद्रवंशी, रामचंद्र भुइयाँ, मनोज राम, मनु प्रजापति समेत अन्य लोगो ने बताया कि ठेकेदार के निजी इंजीनियर को पिछले वर्ष ही जलजमाव को लेकर सड़क को ठीक कराने के लिए कहा गया था और सड़क में मिट्टी की जगह मोरम और गिट्टी डलवाने का आग्रह किया गया था।
ग्रामीणों की बातें अनसुनी कर मिट्टी डाल दिया गया, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।