बिशुनपुरा : मुख्यालय में प्रतिदिन सैकड़ो बालू गिटी लदे बड़ी वाहनों के परिचालन से सड़क जाम होने के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़क किनारे पर बसे लोगों की मुसीबतें काफी बढ़ गई हैं। फिलहाल लोगों के लिए मोटरसाइकिल की यात्रा भी काफी कष्टकारी हो गई है। 10 मिनट की यात्रा घंटों में पूरी हो रही हैं। बिशुनपुरा मुख्यालय के संध्या मोड़ से गांधी चौक तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है। बिशुनपुरा में सड़क जाम होने के कारण लोगों को यात्रा करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क जाम से लोगों की जिदगी थम सी जाती है। खासकर बीमार लोगों को इलाज कराने के लिए गढ़वा एवं मझिआंव जाने, स्कूल जाने वाले बच्चों को स्कूल जाने, सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में काम करने वाले लोगों को ऑफिस जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सभी लोग जाम में घंटों फंसे रह रहते हैं। वाहनों से चलने की बात तो दूर लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई कारगर कदम नहीं उठाया गया है।
यहां बताते चलें कि मझिआंव से ओभर लोड बालू एवम गिटी लदे ट्रक, हाइवा भारी मालवाहक वाहनों का परिचालन तेज हो गया है। बिशुनपुरा मुख्य सड़क से प्रतिदिन सैकड़ो बालू एवम गिटी लड़े वाहनों का परिचालन हो रहा है जिसके कारण यहाँ घन्टो जाम की स्थिति बनी रह रही है। इस कारण यहाँ के रोड किनारे बसे व्यवसायी एवम ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।