कांडी : विहंगम योग संत समाज प्रखंड इकाई कांडी के गुरु भाई - बहनों ने नववर्ष का स्वागत अध्यात्मिक आयोजन कर किया। बीपीएम पब्लिक स्कूल ढबरिया के प्रांगण में नववर्ष के अवसर पर शुक्रवार को मासिक सत्संग का आयोजन किया गया। जिसमें प्रखंड सहित पड़ोसी प्रखंड केतार, भवनाथपुर, बरडीहा व मझिआंव प्रखंड के सैकड़ो गुरु भाई बहन शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में विहंगम योग संत समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र प्रसाद सिंह, महामंत्री ललित सिंह व अन्न मंत्री उपेंद्र नाथ मिश्रा थे।
मुख्य अतिथि ने सत्संग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जगत का सार तत्व सत्संग ही है,जिसके अभाव में यह जीवन संसार में भार -स्वरूप है।सत्संग मंगल आनंदस्वरूप है,सत्संगहीन जीवन दुःखमय है।
सत्संग ही जीवन -पथ का प्राण एवं ज्योति है। सद्गुरु सदाफलदेव जी महाराज ने सत्संग को साधना के क्षेत्र में लाभप्रद बताया है।ऋषियों का मानना है कि जहां भी असत्य है, नश्वरता है, परिवर्तन है वहां पर दुःख है। असली सुख की अनुभूति सत्यता में है, शाश्वतता में है, स्थिरता में है।
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत व मंगलगान के साथ हुई। सद्गुरु के चित्र पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महाप्रसाद का भी वितरण किया गया। प्रवीण कुमार, प्रदीप तिवारी व शोभा कुमारी ने भजन प्रस्तुत किये।
इस अवसर पर संस्था के जिला वित्त मंत्री सरयू प्रसाद अग्रवाल, जिला समाज कल्याण प्रभारी सुरेन्द्र कुमार विश्वकर्मा व केतार प्रखंड के उपदेष्टा जवाहर दुबे ने भी विहंगम योग क्या है पर प्रकाश डाला।
मंच संचालन प्रखंड प्रभारी संदीप कुमार ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अरविंद कुमार, सतेंद्र प्रसाद, अवधेश कुमार, विनोद कुमार, राम किशोर प्रसाद, रामब्रत विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में गुरु भाई - बहन शामिल थे।