श्री बंशीधर नगर : प्रखण्ड कार्यालय के सभागार में शनिवार को सघन प्लस पोलियो अभियान व कोविड 19 भैक्सिनेशन को लेकर प्रखण्ड टास्क फोर्स की बैठक प्रखण्ड विकास पदाधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी अमित कुमार ने कहा कि प्लस पोलियो व कोविड भैक्सिनेशन को गम्भीरता से ले, कोई भी छूटे नही इसका ख्याल रखें। उन्होंने कहा कि एक बार पुनः सर्वे करा लें ताकि कोई नही छूटे।
अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ सुचित्रा कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्लस पोलियो अभियान को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। माइक्रोप्लान बनाकर जिला को भेज दिया गया है। टीका कर्मियों व सुपरवाइजर को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
कुछ टीकाकर्मी जो प्रशिक्षण नही ले सके हैं, उनके लिए आगामी 5 जनवरी को रमना में प्रशिक्षण आयोजित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्लस पोलियो के लिए 218 पोलियो बूथ बनाया गया है, 38 पर्यवेक्षक लगाए गए है, 20 सब डिपो बनाया गया है तथा 438 टीका कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि 44,489 बच्चो को पोलियो ड्रॉप देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 17 जनवरी से 19 जनवरी तक प्लस पोलियो अभियान चलेगा।17 जनवरी को बूथ पर टीका कर्मियों द्वारा तथा 18 व 19 जनवरी को डोर टू डोर जाकर टीका कर्मी द्वारा बच्चो को पोलियो ड्रॉप दिया जायेगा।कोविड 19 भैक्सिनेशन को लेकर उन्होंने बताया कि इसके लिए ट्रॉमा सेंटर में तीन कमरों को सुरक्षित कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि एक कमरा में रजिस्ट्रेशन, दूसरे में भैक्सिनेशन किया जाएगा तथा तीसरा कमरा ऑब्जर्वेशन के लिए रखा गया है।
बैठक में अस्पताल बीडीएम करुणा कुमारी, बाल विकास परियोजना से पर्यवेक्षिका शोभा कुमारी, विधायक प्रतिनिधि अशोक सेठ, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुमार कनिष्क उपस्थित थे।