गढ़वा : राधा पार्वती एजुकेशन एंड वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में गुरुवार को गढ़वा मंडल कारा में खेल सामग्री का वितरण किया गया। ट्रस्ट के निदेशक डॉक्टर पतंजलि केसरी ने कैदियों के लिए कैरम बोर्ड बैडमिंटन शतरंज सहित अन्य खेल सामग्री वितरण किया।
इस अवसर पर उपस्थित जेल कर्मियों और कैदियों को संबोधित करते हुए डॉक्टर पतंजलि केसरी ने कहा कि स्वस्थ तन मन के लिए खेल आवश्यक है। इससे अनुशासन में रहकर बेहतर प्रदर्शन करने की कला आती है। गढ़वा में खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए पर्याप्त संसाधन की आवश्यकता है। यहां के खिलाड़ियों ने देश और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गढ़वा का नाम रोशन किया है। खेल के क्षेत्र में झारखंड का नाम पूरे देश में अव्वल है।
उन्होंने प्राथमिक चिकित्सा के लिए फर्स्ट एड बॉक्स भी प्रदान किया। जेल अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है।
ज्ञात हो कि स्वर्गीय राधा बाबू की 34 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर राधा पार्वती एजुकेशन एंड वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से पिछले एक सप्ताह से कंबल वितरण, प्रतिभा सम्मान समारोह, फर्स्ट ऐड बॉक्स वितरण सहित अन्य विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में आज गढ़वा मंडल कारा में खेल सामग्री का वितरण किया गया।
मौके पर कृत्यानंद श्रीवास्तव, धर्मेन्द्र कुमार, प्रकाश शंकर गुप्ता, संतोष कुमार, छोटू, नीरज केशरी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।